अब्दुल, वंदे भारत टीवी लाइव का संवाददाता
उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, बिजिलेंस, गोरखपुर की टीम ने शनिवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. शांति प्रकाश द्विवेदी को विकास भवन परिसर स्थित उनके कार्यालय से 30 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सरकारी सहायता की धनराशि दिलाने के नाम पर वे पशु पालक से यह रुपये ले रहे थे। औपचारिकता पूरी कर टीम उन्हें लेकर गोरखपुर चली गई।थाना तुर्कपट्टी के गांव बरवा राजापाकड़ के दिनेश कुमार गुप्ता पशु पालक हैं। उनके अनुसार राज्य सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी योजना मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत आवेदन कर उन्होंने सहायता मांगी थी। सरकारी सहायता की धनराशि प्रदान करने के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा 50 हजार रुपये घूस की मांग की गई।दिनेश द्वारा आर्थिक कठिनाईयों का हवाला देने पर सीवीओ ने सहायता राशि के लिए 30 हजार रुपये की व्यवस्था करने को कहा। इससे तंग आकर पशुपालक ने पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान गोरखपुर से इसकी शिकायत की।
जांच कराने पर आरोपों की पुष्टि हाेने पर पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार राय के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। तय योजना के तहत दोपहर लगभग तीन बजे दिनेश कुमार विकास भवन स्थित मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय पहुंचे।कार्यालय में एकांत देख उन्होंने 30 हजार रुपये मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को दिए। घूस के ये रुपये जैसे ही मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने हाथ में लिए, कि वैसे ही पीछे से आई सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने उन्हें दबोच लिया। कार्यालय परिसर में ही आवश्यक लिखा-पढ़ी कर टीम उन्हें लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हो गई।