भारत-नेपाल के अतिथियों के संग दुद्धी में सजा गोवर्धन पूजा का भव्य दरबार

नेपाल के पूर्व मंत्री एवं सांसद मातृका प्रसाद यादव, मधेश प्रदेश की विधायक डॉ. रीना यादव सहित कई विशिष्ट हस्तियों ने बढ़ाई महोत्सव की गरिमा; खौलते दूध के अनुष्ठान ने श्रद्धालुओं को किया आकर्षित, शिक्षा और सामाजिक एकता का दिया संदेश
दुद्धी सोनभद्र(डॉ राकेश कुमार कन्नौजिया)_ आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता के अनूठे संगम के बीच बुधवार को दुद्धी में यादव महासभा एवं गोवर्धन पूजा समिति के तत्वावधान में 14वां भव्य गोवर्धन पूजा महोत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
इस वर्ष भारत-नेपाल के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्तों की झलक भी देखने को मिली। नेपाल से पहुंचे जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान और विशेष गरिमा प्रदान की।
मुख्य अतिथि नेपाल सरकार के पूर्व मंत्री एवं सांसद मातृका प्रसाद यादव तथा विशिष्ट अतिथि मधेश प्रदेश नेपाल की विधायक डॉ. रीना यादव का आयोजकों और समाज के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
उनके साथ पूर्व सदस्य नीति तथा योजना आयोग विजय यादव एवं नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय सदस्य तथा एनसीपी नेपाल की नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन की सदस्य डॉ. कृतिका भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ। महिलाओं एवं युवतियों ने पूजा स्थल से कलश उठाकर प्राचीन शिवाजी तालाब से जल ग्रहण किया और पुनः पूजा स्थल पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
पूरे आयोजन स्थल पर धार्मिक उत्साह और पारंपरिक उल्लास का वातावरण बना रहा। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण गाजीपुर से पहुंचे बाबा सुरेंद्र पंथी का पारंपरिक अग्नि एवं दुग्ध अनुष्ठान रहा।
बाबा ने सूखे उपलों में मंत्रोच्चार के बीच अ
ग्नि प्रज्वलित कर दूध गर्म किया और खीर तैयार कराई। इसके बाद खौलते दूध से स्नान करने का अनुष्ठान प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए।
बाबा ने इसे आस्था और मंत्र शक्ति से जुड़ी परंपरा बताते हुए अपनी मान्यताएं साझा कीं। इस अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में काफी कौतूहल देखने को मिला।
पूजा का विधिवत संपादन पंडित शिवपूजन मिश्र ने कराया। मुख्य अतिथि मातृका प्रसाद यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और अहंकार त्यागने का महान संदेश है।
भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का घमंड दूर कर गोवर्धन पर्वत की पूजा के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और जनकल्याण का संदेश दिया था। उन्होंने समाज को एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि सामाजिक उत्थान की सबसे मजबूत नींव शिक्षा है।
समाज को शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनने की आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथि विधायक डॉ.
रीना यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें अहंकार से दूर रहकर जनकल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश यादव ने की तथा संचालन सत्यनारायण यादव एडवोकेट ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामबिहारी यादव, संजय यादव, रामेश्वर राय, पूर्व प्राचार्य डॉ.
रामजीत यादव, यदुनाथ यादव, बुधिनारायण यादव, हरिशंकर यादव, सरजू यादव, सत्यनारायण यादव, अभिनाथ यादव, अवधेश यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाज के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली के एसएसआई संजय सिंह, एसआई श्यामजी यादव एवं महिला थाना प्रभारी संतु सरोज पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहीं।
नेपाल के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक क्षेत्र की विशिष्ट हस्तियों की सहभागिता से 14वां गोवर्धन पूजा महोत्सव धार्मिक आयोजन के साथ भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का यादगार मंच बन गया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







