शिक्षक सम्मान प्रतियोगिता में कंचन गुप्ता ने हासिल किया प्रथम स्थान, महराजगंज का बढ़ाया मान
राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी उपलब्धि, ट्रॉफी, मेडल, प्रमाणपत्र और 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर किया गया सम्मानित
महराजगंज।जिले के फरेंदा ब्लॉक अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की शिक्षिका कंचन गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित शिक्षक सम्मान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर महराजगंज का गौरव बढ़ाया है। फरेंदा ब्लॉक के ग्राम खजुरिया की निवासी कंचन गुप्ता को स्टडी हॉल एजुकेशनल फाउंडेशन (SHEF) के डिजिटल स्टडी हॉल की ओर से आयोजित 'टीचर ऑफ द ईयर 2026' प्रतियोगिता में यह उपलब्धि मिली है।
देशभर के शिक्षकों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में कंचन गुप्ता ने अपने नवाचार, समर्पण और रचनात्मक शिक्षण पद्धति के दम पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके शिक्षण कार्यों और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए निर्णायक मंडल ने उन्हें प्रथम स्थान के लिए चुना।
इस उपलब्धि पर उन्हें ट्रॉफी, मेडल, प्रमाणपत्र और 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। उनकी इस सफलता से विद्यालय परिवार, परिजनों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
कंचन गुप्ता की इस उपलब्धि को महराजगंज जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है। उनकी सफलता अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।