AI से तैयार करता था चोरी की बाइक के फर्जी दस्तावेज, 8 मोटरसाकिलों के साथ आरोपी गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹2.15 लाख की चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
सारंगढ़-बिलाईगढ़, चित्रसेन घृतलहरे //जिले में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल एवं एसडीओपी सारंगढ़ श्री गोविन्द दीवान के नेतृत्व में वाहन चोरी के आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने आरोपी अनिल पटेल, निवासी ग्राम कुम्हारी, थाना बरमकेला को गिरफ्तार किया।
AI तकनीक से बनाता था फर्जी दस्तावेज
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। बताया गया कि वह चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर उनके फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। इसके बाद इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर चोरी के वाहनों को कम कीमत पर बेच देता था। इस खुलासे से वाहन चोरी के साथ-साथ तकनीक के दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने का मामला भी सामने आया है।
8 मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित वाहन जब्त किए हैं—
1. हीरो HF डीलक्स – नीला रंग।
2. होंडा साइन – ग्रे रंग।
3. हीरो HF डीलक्स – नीला-सिल्वर रंग।
4. हीरो स्प्लेंडर प्लस – काला रंग।
5. होंडा एक्टिवा 5G – ग्रे रंग।
6. हीरो HF डीलक्स – काला-सिल्वर रंग।
7. बजाज प्लेटिना – वाहन क्रमांक CG13 T9355।
8. होंडा साइन SP – वाहन क्रमांक CG13 AR2875।
पुलिस की नागरिकों से अपील
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें तथा वाहन के आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखें। यदि कोई व्यक्ति बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर वाहन बेचने का प्रयास करता है या संदिग्ध दस्तावेज प्रस्तुत करता है, तो सतर्क रहें और तत्काल इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने को दें।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। साथ ही यह मामला तकनीक के दुरुपयोग से होने वाले अपराधों के प्रति भी सतर्क रहने का संदेश देता है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस – जनता की सुरक्षा, पुलिस की प्रतिबद्धता।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





