चंद्रपुर में आपत्तिजनक वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल कर विवाहिता से तीन साल तक दुष्कर्म; तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

समीर वानखेडे ब्युरो चीफ:
महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर से एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक 27 वर्षीय विवाहिता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर तीन आरोपियों ने करीब तीन साल तक उसका यौन शोषण किया।
पीड़िता द्वारा अपने पति के साथ शहर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता अपने पति और चार साल के बेटे के साथ चंद्रपुर के पठाणपुरा वार्ड इलाके में रहती है। साल 2023 में पड़ोस में रहने वाले मुख्य आरोपी विक्की उर्फ योगेश महादेव अहिलापुरवार (उम्र 26 वर्ष) ने महिला को अपने जाल में फंसाया।
जब महिला का पति घर पर नहीं था, तब विक्की ने सेल्फी लेने के बहाने महिला की तस्वीरें खींच लीं। बाद में, उन्हीं तस्वीरों को डिलीट करने का झांसा देकर आरोपी ने महिला को प्रियदर्शिनी चौक बुलाया। वहां से वह उसे घोड़पेठ स्थित एक जगह ले गया, जहां बदनाम करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और चुपके से इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया।
दोस्तों के साथ मिलकर किया शोषण
इस वीडियो के दम पर विक्की महिला को ब्लैकमेल करने लगा और घोड़पेठ व दाताला मार्ग स्थित एक लॉज में ले जाकर उसके साथ बार-बार अत्याचार किया।
इसके बाद विक्की ने अपने दोस्त चेतन नवघरे (उम्र 26 वर्ष) को भी इस साजिश में शामिल कर लिया। आरोप है कि चेतन ने भी साल 2024 में महिला को बदनामी का डर दिखाकर बंगाली कैंप चौक स्थित एक होटल में ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया।
बेटे को नुकसान पहुंचाने की दी धमकी
सिलसिला यहीं नहीं रुका। साल 2025 में तीसरे आरोपी अमोल लांजेकर ने महिला को व्हाट्सएप पर संपर्क किया और कहा कि वह वीडियो उसके पास भी है।
शिकायत में बताया गया है कि तीनों आरोपियों ने मिलकर महिला के छोटे बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इस डर के चलते अमोल ने भी महिला को घोड़पेठ और बंगाली कैंप परिसर में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के मुताबिक, सितंबर 2026 में भी आरोपियों ने वीडियो डिलीट करने के बहाने बुलाकर उसे फिर से प्रताड़ित किया। पुलिस की कार्रवाई
लगातार तीन वर्षों तक मानसिक तनाव और शारीरिक प्रताड़ना झेलने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने पति को पूरी आपबीती सुनाई।
इसके बाद 6 नवंबर को पति-पत्नी ने शहर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला पुलिस उपनिरीक्षक तृप्ति खंडाईत ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






