इंदिरा गांधी वार्ड में 48.69 लाख रुपये से बनेंगी दो सीसी नालियां, महापौर ने किया भूमिपूजन रामनगर और शिवाजी नगर की गलियों में सुधरेगी जल निकासी व्यवस्था, वार्ड की कन्या सुभी के हाथ

इंदिरा गांधी वार्ड में 48.69 लाख रुपये से बनेंगी दो सीसी नालियां, महापौर ने किया भूमिपूजन
रामनगर और शिवाजी नगर की गलियों में सुधरेगी जल निकासी व्यवस्था, वार्ड की कन्या सुभी के हाथों कराया गया भूमिपूजन
कटनी। शहर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक-4 में कुल 48.69 लाख रुपये की लागत से दो सीसी नालियों का निर्माण कराया जाएगा। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश 'बल्ली' सोनी की उपस्थिति में वार्ड की कन्या सुभी के हाथों विधिवत पूजन-अर्चन के साथ दोनों निर्माण कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ।
स्वीकृत निर्माण कार्यों में रामनगर शंकर मंदिर से राकेश निगम एवं सत्यव्रत त्रिपाठी के निवास क्षेत्र होते हुए वापस पप्पू चक्की तक सीसी नाली का निर्माण 20.90 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। वहीं शिवाजी नगर की गली नंबर-2 सहित विभिन्न गलियों में 27.79 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली का निर्माण किया जाएगा। दोनों कार्यों पर कुल 48.69 लाख रुपये खर्च होंगे।
जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत
रामनगर और शिवाजी नगर की गलियों में उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थानीय रहवासियों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान गलियों में पानी जमा होने से आवागमन भी प्रभावित होता था। अब पक्की सीसी नालियों के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था व्यवस्थित होगी और क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
गुणवत्ता और समयसीमा का रखें ध्यान : महापौर
भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े विकास कार्यों को आवश्यकता के अनुसार स्वीकृति देकर धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि दोनों निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं, ताकि नागरिकों को जल्द इनका लाभ मिल सके।
पार्षद ने महापौर का जताया आभार
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश 'बल्ली' सोनी ने दोनों निर्माण कार्यों की स्वीकृति एवं भूमिपूजन के लिए महापौर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नालियों का निर्माण पूरा होने से रामनगर और शिवाजी नगर के रहवासियों को जल निकासी की समस्या से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद रेखा तिवारी, शकुंतला सोनी, श्याम पंजवानी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित वार्ड के नागरिक एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7-जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📞 7509747686
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







