करंट का जाल बिछाकर नर चीतल का शिकार, वन विभाग ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल पठरा गौशाला के पास राजस्व क्षेत्र में बिछाया था बिजली का तार, मौके से जीआई ता

करंट का जाल बिछाकर नर चीतल का शिकार, वन विभाग ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
पठरा गौशाला के पास राजस्व क्षेत्र में बिछाया था बिजली का तार, मौके से जीआई तार और लेंटाना की खूंटियां बरामद; डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों तक पहुंची वन विभाग की टीम
कटनी। जिले के बड़वारा वन क्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार का गंभीर मामला सामने आया है। शिकारियों ने करंट का जाल बिछाकर एक नर चीतल को मौत के घाट उतार दिया। मामले में वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि पठरा गौशाला के पास आरएफ-453 की सीमा से लगे राजस्व क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा करंट फैलाकर शिकार किया गया है। घटनास्थल के समीप एक नर चीतल का शव भी पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम के संभागीय प्रबंधक कुंडम परियोजना मंडल जबलपुर मोहित सूद (आईएफएस) के निर्देशन में बड़वारा परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी पीवेनू गोपाल नायडू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के निरीक्षण में जीआई तार और लेंटाना की खूंटियां बरामद हुईं। आरोपियों की पहचान के लिए शहडोल डॉग स्क्वायड और मुखबिर तंत्र की मदद ली गई, जिसके आधार पर पांच लोगों की संलिप्तता सामने आई।
शिकार में इस्तेमाल सामग्री और चीतल का मांस बरामद
वन विभाग की जांच में आरोपियों के कब्जे से शिकार में इस्तेमाल की गई सामग्री बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में करन सिंह के पास से एक बंका, 10 सूखी लेंटाना खूंटियां और 60 मीटर जीआई तार जब्त किया गया।
चैन सिंह के पास से एक कुल्हाड़ी, 28 सूखी लेंटाना खूंटियां और 140 मीटर जीआई तार मिला। वहीं संतोष सिंह के कब्जे से 100 ग्राम पका हुआ चीतल का मांस, एक चाकू, 20 सूखी लेंटाना खूंटियां और 100 मीटर जीआई तार बरामद किया गया।
इसके अलावा देवा सिंह और अशोक कोल पर शिकार करने तथा चीतल का मांस काटकर ले जाने में सहयोग करने का आरोप है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 3384/236/09 दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 16, 39, 50, 51 एवं 52 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पांचों आरोपियों को कटनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर यह घटना संवेदनशील वन क्षेत्रों में निगरानी और नियमित गश्त की आवश्यकता को रेखांकित करती है। वन्यजीवों का अवैध शिकार रोकने के लिए वन विभाग की सतर्कता के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता भी बेहद जरूरी है।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7-जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📞 7509747686
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







