बजरंग कटाए घाट मेला शहर की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का मंच : मनीष पाठक
खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, बच्चों और युवाओं की आकर्षक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन
कटनी। श्री बजरंग कटाए घाट मेले में आयोजित खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का शुभारंभ नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों एवं युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं ने एकल गायन, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने विभिन्न विद्यालयों द्वारा लगाई गई शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की जानकारी ली और उनकी रचनात्मक सोच, मेहनत एवं प्रतिभा की सराहना की।
शहर का सामूहिक उत्सव है कटाए घाट मेला
अपने संबोधन में मनीष पाठक ने कहा कि श्री बजरंग कटाए घाट मेला केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का सशक्त मंच है। यह किसी एक व्यक्ति या संस्था का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे शहर का सामूहिक उत्सव है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी परंपराएं जीवंत रहती हैं और बच्चों, युवाओं तथा महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं उसे निखारने का अवसर मिलता है। खेलकूद से अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी कला एवं परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करें और इस सामूहिक आयोजन को सफल बनाएं।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर जिला योजना समिति सदस्य एवं पार्षद शशिकांत तिवारी, एमआईसी सदस्य सुभाष शिबू साहू, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष राजकुमार राजू शर्मा, उपायुक्त प्रियंका झारिया सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 — जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
मोबाइल: 7509747686