डीडवाना-कुचामन, संविधान अंगीकार दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को जिले के समस्त राजकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों (विद्यालयों एवं महाविद्यालयों), पंचायती राज संस्थाओं तथा नगरीय निकायों में 'संविधान दिवस' मनाया गया। इस अवसर पर आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार गुरुवार प्रातः 11:00 बजे जिले के सभी सरकारी दफ्तरों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक संस्थानों में अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इसके साथ ही नागरिकों और युवाओं को माय भारत पोर्टल के माध्यम से 23 भाषाओं में आयोजित हो रहे ऑनलाइन प्रस्तावना वाचन से भी जोड़ा गया।
इस अवसर पर जिले के शिक्षण संस्थानों व विद्यालयों में संविधान के मूल्यों और मौलिक सिद्धांतों पर आधारित निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी (क्विज), सेमिनार और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही संविधान दिवस पर विद्यार्थियों को मतदान की शपथ भी दिलाई गई।