प्रधानमंत्री आवास योजना: अधूरे आवासों को पूरा कराने प्रशासन ने तेज किए प्रयास, हितग्राहियों से किया संपर्क
विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायत खलवारा में हितग्राहियों को दी समझाइश, रीठी की बिरूहली और कुम्हरवारा में अधिकारियों ने किया आवासों का निरीक्षण
कटनी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत अधूरे आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मैदानी स्तर पर हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें आवास निर्माण शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ और रीठी की ग्राम पंचायतों में आवास पूर्णता को लेकर विशेष गतिविधियां संचालित की गईं।
खलवारा में हितग्राहियों से किया संवाद
जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायत खलवारा में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से संपर्क कर उनके अधूरे आवासों की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों एवं मैदानी अमले ने हितग्राहियों को आवास निर्माण जल्द पूरा कराने की समझाइश दी। साथ ही पक्के मकान के महत्व और योजना के लाभों की जानकारी देते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रेरित किया।
बिरूहली और कुम्हरवारा में आवासों का निरीक्षण
वहीं जनपद पंचायत रीठी की ग्राम पंचायत बिरूहली एवं कुम्हरवारा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति और प्रगति का जायजा लिया गया। संबंधित अमले को आवास पूर्णता के लिए हितग्राहियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
समय-सीमा में आवास पूर्ण कराने पर जोर
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक एवं सेक्टर सुपरवाइजर द्वारा भी मैदानी स्तर पर हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की समझाइश दी गई।
प्रशासन का उद्देश्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द पक्के आवास का लाभ उपलब्ध कराना है। इसके लिए जिले में स्वीकृत आवासों की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 – जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📞 7509747686