गढ़वा में 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची, दस्तावेजों की कमी से परेशान मतदाताओं को मिलेगा सहयोग

गढ़वा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति, मतदाताओं की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। वहीं, ASDD सूची में चिह्नित वैसे मतदाता, जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर मिलेगा।
पुनरीक्षण की नई समय-सारणी जारी
बैठक में संशोधित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि एन्यूमरेशन फॉर्म (EFs) के निष्पादन की अंतिम तिथि 10 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, नोटिस फेज तथा दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 रखी गई है। इसके बाद 22 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
दस्तावेजों की समस्या का होगा समाधान
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने दस्तावेजों की कमी के कारण मतदाता सूची में नाम शामिल कराने में आ रही परेशानियों को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दस्तावेज बनवाने में सहयोग एवं मार्गदर्शन देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर मतदाता अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय अथवा अनुमंडल कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन की ओर से उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
SIR से पहले 8.62 लाख थे मतदाता
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद कुमार झा ने जिले की मतदाता सूची की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि SIR से पूर्व जिले में कुल 8,62,062 मतदाता थे, जबकि प्रारूप मतदाता सूची में 7,47,622 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। वहीं, अंतिम मतदाता सूची के लिए 7,36,606 मतदाताओं को पार्क किया गया है तथा 11,016 मतदाता शेष हैं।
उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारियों और कर्मियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी देकर जागरूक करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी या दस्तावेजों की कमी के कारण अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
मतदाताओं के लिए जरूरी हेल्पलाइन: 1950 (Electors Helpline)।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






