बजरंग कटाये घाट मेले में दंगल के रोमांचक मुकाबले, विज्ञान प्रदर्शनी में नन्हे वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा 30 से अधिक महिला एवं पुरुष पहलवानों ने दिखाए कुश्ती के दांव-पेच,

बजरंग कटाये घाट मेले में दंगल के रोमांचक मुकाबले, विज्ञान प्रदर्शनी में नन्हे वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा
30 से अधिक महिला एवं पुरुष पहलवानों ने दिखाए कुश्ती के दांव-पेच, 100 विद्यार्थियों ने मॉडल और चार्ट के जरिए प्रस्तुत किए वैज्ञानिक नवाचार
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर किया दंगल का शुभारंभ, विजेताओं को किया पुरस्कृत
कटनी। श्री बजरंग कटाये घाट मेले में शनिवार को खेल, शिक्षा और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में 30 से अधिक महिला एवं पुरुष पहलवानों ने अपने कुश्ती कौशल और शानदार दांव-पेच से दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में नगर निगम के विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया।
अखाड़े में पहलवानों के बीच दिखा रोमांचक मुकाबला
दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर किया। विभिन्न भार वर्गों में आयोजित मुकाबलों में महिला एवं पुरुष पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए दमदार दांव आजमाए। अखाड़े में पहलवानों की जोर-आजमाइश और रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
प्रतियोगिता में खेल भावना और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता पहलवानों को निगमाध्यक्ष मनीष पाठक एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर पार्षद शशिकांत तिवारी, गोविंद चावला, समाजसेवी राजू शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे।
विज्ञान प्रदर्शनी में 100 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
मेले में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। नगर निगम द्वारा संचालित तीनों विद्यालयों के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने विज्ञान के विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल और चार्ट प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता को वैज्ञानिक प्रयोगों और उपयोगी अवधारणाओं से जोड़ते हुए ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां दीं। विज्ञान शिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्रयोगधर्मिता और नवाचार के प्रति प्रेरित किया।
रविवार को लेजर शो रहेगा मेले का मुख्य आकर्षण
मेला प्रभारी श्रीमती प्रियंका झारिया ने बताया कि नागरिकों के मनोरंजन, सांस्कृतिक अभिरुचि और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेले में प्रतिदिन खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
शनिवार की देर शाम सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं रविवार की देर शाम आकर्षक लेजर शो आयोजित किया जाएगा, जो मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
मेला प्रभारी ने शहरवासियों एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर विभिन्न आयोजनों का आनंद लेने की अपील की।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 — जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📱 7509747686
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






