

डीडवाना कुचामन/मकराना-: गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान के तहत युवा हिन्दू गौ रक्षा सेवा समिति, मकराना द्वारा संचालित मंगलाना रोड स्थित गौमाता सर्किल गौवंश चिकित्सालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य गौ हत्या पर प्रभावी रोक लगाने, जनजागरण फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को हस्ताक्षर अभियान से जोड़ना रहा।
गौ सम्मान आह्वान अभियान के प्रभारी संत श्री सुदर्शन दास जी महाराज (हिरणी गौशाला) ने कहा कि भारत भूमि पर गौ हत्या को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने एवं सशक्त कानून बनाए जाने की मांग को लेकर देशभर में व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आमजन को जागरूक कर उनके हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं। एकत्रित हस्ताक्षरों को जिला कलेक्टर एवं डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से भारत सरकार तक पहुँचाया जाएगा, ताकि गौ हत्या पर कठोर एवं प्रभावी कानून बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, मानवीय संवेदनाओं एवं राष्ट्रहित से जुड़ा एक पवित्र अभियान है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस जनआंदोलन में जुड़कर अपने हस्ताक्षर के माध्यम से योगदान देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि अभियान के दूसरे चरण में एकत्र किए गए हस्ताक्षर 27 जुलाई को संबंधित जिला कलेक्टर एवं डिप्टी कमिश्नरों को सौंपे जाएंगे। इसी दिन डीडवाना जिला मुख्यालय पर संत श्री सुदर्शन दास जी महाराज एवं अन्य संतों के पावन सान्निध्य में भारत सरकार के नाम प्रार्थना-पत्र भी सौंपा जाएगा।
बैठक में उपस्थित गौ भक्तों ने अभियान को गांव-गांव एवं घर-घर तक पहुँचाने का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक लोगों से हस्ताक्षर कर इस जनहित अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक ठाकुर मोहन चौहान, संरक्षक विजय कुमार लड्डा, संस्थापक पूरणमल (सुरेश कुमावत), अध्यक्ष अंकित तंवर, रवि भार्गव, राजूराम जांगिड़, रमेश बागड़ी, श्याम सिंह गुणावती, धर्मवीर गुर्जर, पशुधन सहायक मुकेश रैगर सहित अनेक गौभक्त उपस्थित रहे।







