कांधला में साइबर ठगों का नया पैंतरा, फर्जी ‘पेमेंट सक्सेस’ दिखाकर दुकानदारों को लगा रहे चूना

संवाददाता मोहित कुमार
कांधला। कस्बे और थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आने के बीच अब ठगों ने दुकानदारों को निशाना बनाने का नया तरीका अपना लिया है। मलकपुर मार्ग पर किराना दुकानदार से करीब 150 रुपये का सामान लेकर फर्जी ऑनलाइन भुगतान का मैसेज दिखाकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद व्यापारियों में भी चिंता बढ़ गई है। मलकपुर मार्ग निवासी दुकानदार राजीव कुमार सैनी के अनुसार, बाइक सवार दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे। एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरे ने करीब 150 रुपये का सामान खरीदा। सामान लेने के बाद युवक ने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही और दुकानदार के क्यूआर कोड को स्कैन करने का नाटक किया। आरोप है कि युवक ने अपने मोबाइल पर भुगतान सफल होने का फर्जी मैसेज दिखा दिया। दुकानदार ने खाते में रकम आने का इंतजार किया, लेकिन इसी दौरान दोनों युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। बाद में खाते की जांच करने पर पता चला कि कोई रकम जमा ही नहीं हुई थी। इसके बाद दुकानदार ने साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की। साइबर थाने पर तैनात पुलिसकर्मी सोनू कुमार ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं साइबर ठगी के मामले
कांधला क्षेत्र में साइबर अपराध का यह पहला मामला नहीं है। फरवरी 2026 में रेलवे रोड निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर करीब 14 हजार रुपये निकाले जाने की शिकायत सामने आई थी। इसके अलावा अगस्त 2026 में कांधला में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने पीड़ित के 74 हजार रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की थी। व्यापारियों को बरतनी होगी सावधानी साइबर ठगी के इस तरीके में ठग दुकानदार को केवल मोबाइल स्क्रीन पर ‘Payment Successful’ दिखाकर सामान लेकर निकल जाते हैं। ऐसे में व्यापारियों को केवल मैसेज, स्क्रीनशॉट या भुगतान की आवाज पर भरोसा न करके अपने बैंक खाते या अधिकृत पेमेंट ऐप में रकम जमा होने की पुष्टि करने के बाद ही सामान देना चाहिए।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




