सवाददाताः समसुद्दीन शेख
हमीरपुर
समूह ‘ग’ के कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
हमीरपुर, 01 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल के मार्गदर्शन में शासकीय कार्यप्रणाली को अधिक कुशल, पारदर्शी एवं जनअनुकूल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों में कार्यरत समूह ‘ग’ के कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कोषाधिकारी श्रीमती अंकिता सिंह ने की।
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने प्रशिक्षण में उपस्थित कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कार्मिक प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाएं, ताकि कार्यालयीय कार्यों के निष्पादन में आने वाली कठिनाइयों का नियमानुसार समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान कार्मिक संबंधित विषयों से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं को खुलकर रखें, जिससे उनका नियमानुसार समाधान किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के लेखाकार श्री मोहन कुमार श्रीवास्तव द्वारा सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) नियमावली के संबंध में कार्मिकों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान जीपीएफ से संबंधित विभिन्न प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं कार्यालयीय कार्यों में उनके अनुपालन के संबंध में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की श्रृंखला के अंतर्गत पूर्व में 11 अगस्त 2026 को एसीपी, यात्रा भत्ता एवं स्थानांतरण यात्रा भत्ता, 18 अगस्त 2026 को ई-पेंशन, एनपीएस तथा आहरण एवं वितरण अधिकारियों के कर्तव्य एवं उत्तरदायित्व तथा 25 अगस्त 2026 को आचरण नियमावली एवं मृतक आश्रित नियमावली के संबंध में विभिन्न विभागों के कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को वित्तीय एवं सेवा संबंधी नियमों की जानकारी देते हुए कार्यालयीय कार्यों में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा शासकीय कार्यों को पारदर्शी एवं नियमानुसार संपादित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अंत में वरिष्ठ कोषाधिकारी श्रीमती अंकिता सिंह ने सभी कार्मिकों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का अपने कार्यालयीय कार्यों में प्रभावी रूप से उपयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सहायक कोषाधिकारी श्री कौशल किशोर मिश्रा, लेखाकार श्री प्रेमी प्रजापति, श्री पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।