गडचिरोली: जमानत पर छूटते ही रची लूट की साजिश, सराफा व्यापारी को मिर्च पाउडर फेंककर लूटने की कोशिश, 3 आरोपी गिरफ्तार

गाय तस्करी के मामले में जमानत पर बाहर आते ही उसी दिन दोस्तों के साथ मिलकर सराफा व्यापारी को लूटने की साजिश रचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चामोर्शी मार्ग पर जंगल कामगार सोसाइटी के कार्यालय के सामने सराफा व्यापारी की आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंककर करीब आधा किलो सोने के गहने लूटने की कोशिश करने वाले चार में से तीन आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। चौथा आरोपी फरार है।
*खाने का डब्बा हाथ लगा, गहने बच गए -*
पीड़ित सुरेश बाबुराव भोजापुरे (50, निवासी गोकुलनगर) 31 अगस्त की रात घर जा रहे थे। तभी जंगल कामगार सोसाइटी के सामने बाइक पर आए आरोपियों ने उनकी आंखों में लाल पाउडर फेंक दिया और उनके पास मौजूद गहनों का बैग छीनने की कोशिश की। हालांकि, आरोपियों के हाथ गहनों की जगह उनका टिफिन (खाने का डब्बा) लग गया। भोजापुरे के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत के बाद गडचिरोली थाने में मामला दर्ज किया गया। लोकल क्राइम ब्रांच और गडचिरोली पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी सबूतों के आधार पर जाल बिछाया और विशाल घनश्याम देशमुख (36, रामनगर), राकेश विजय गिरसावले (35, कन्नमवारनगर) और शहबाज सलाम शेख (31, विवेकानंदनगर) को गिरफ्तार कर लिया। उनका साथी सोनू खांडेकर (24) फरार है।
*जमानत पर आते ही लूट का प्लान -*
जांच में खुलासा हुआ कि शहबाज शेख को आरमोरी पुलिस ने गाय तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था और वह 31 अगस्त को ही जमानत पर बाहर आया था। जल्दी अमीर बनने के लालच में उसने साथियों के साथ मिलकर भोजापुरे को लूटने का प्लान बनाया था।
पुलिस को शक है कि 29 अगस्त को शिवाजी कॉलेज के पास सराफा व्यापारी नितिन खेवले को लूटने की कोशिश में भी यही गैंग शामिल हो सकती है, इसकी जांच चल रही है।
*पहले पीछा, फिर मदद का नाटक -*
पुलिस निरीक्षक विनोद चव्हाण ने बताया कि लूट से पहले आरोपियों ने सराफा बाजार में करीब आधे घंटे तक भोजापुरे का पीछा किया था। लूट नाकाम होने के बाद दो आरोपियों ने मदद का नाटक करते हुए उन्हें घर तक छोड़ा और कहा – "गहने तो सुरक्षित हैं, फिर पुलिस में शिकायत क्यों करनी?" ताकि वह शिकायत न करें।
तीनों आरोपियों को 2 सितंबर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





