आकाशीय बिजली का कहर: खेत से लौट रही महिला की दर्दनाक मौत

विंढमगंज, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुडिसेमर ग्राम पंचायत में बुधवार दोपहर तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। खेत से घर लौट रही एक महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मुडिसेमर ग्राम पंचायत निवासी भोला हलवाई (आशीष कुमार) की पत्नी मुन्नी देवी (लगभग 32 वर्ष) दोपहर करीब 3 बजे घर के मवेशियों एवं बकरियों को खेत से वापस लेकर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के पति आशीष कुमार उर्फ भोला हलवाई ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें संभलने का भी मौका नहीं मिला। मुन्नी देवी अपने पीछे दो पुत्रियां—नैना कुमारी (5 वर्ष) एवं नंदनी कुमारी (4 वर्ष), तथा दो पुत्र—नीतीश कुमार (7 वर्ष) और अनिकेत कुमार (6 वर्ष) को छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से चारों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अब इन छोटे-छोटे बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य की चिंता सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। उपनिरीक्षक सुनील राय एवं वीर बहादुर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं सरकारी राहत उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि इस दुख की घड़ी में परिवार को कुछ सहारा मिल सके।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







