मुडीसेमर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकली भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा

विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_हरे कृष्ण प्रचार केंद्र, मुडीसेमर के तत्वावधान में शुक्रवार को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। दोपहर 3 बजे मुडीसेमर पंचायत भवन से प्रारंभ हुई रथयात्रा में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। रथयात्रा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के जयघोष और हरिनाम संकीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। 
रथयात्रा प्रारंभ होने से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना एवं श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया। इसके बाद परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ के आगे झाड़ू लगाकर सेवा भाव का परिचय दिया। हजारों श्रद्धालुओं ने रस्सी खींचकर भगवान के रथ का नगर भ्रमण कराया। यात्रा के दौरान “हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे” तथा “हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे” के अखंड संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा रहा।
रथयात्रा में महिलाओं, युवतियों, बच्चों एवं युवाओं की विशेष सहभागिता देखने को मिली। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन में मग्न होकर भगवान की भक्ति में लीन रहे। आयोजन के दौरान महाप्रसाद का वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे रथयात्रा सकुशल संपन्न हुई।
आयोजकों ने बताया कि श्री जगन्नाथ रथयात्रा का उद्देश्य भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति, संकीर्तन एवं सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना, समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक समरसता और भाईचारे को सुदृढ़ करना है।
इस भव्य एवं सफल आयोजन में अध्यक्ष उपेंद्र कुमार पासवान, उपाध्यक्ष नितेश पासवान, रमेश सिंह कुशवाहा, सरजू यादव, मनोज पासवान, त्रिदेव कुमार, अंकित कुमार, महेंद्र कुमार, हरिप्रिया देवी दासी, जय मौर्य, डॉ. राकेश, विजय कुशवाहा, राजकुमार कुशवाहा, विजय पासवान, धर्मेंद्र, गीता देवी, प्रतिमा देवी, रिंकू देवी, ईशा कुमारी, सोनी कुमारी, दीपा कुमारी, महिमा कुमारी सहित अनेक श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय योगदान देकर आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






