रांची में एकलव्य शूटिंग क्लब का शुभारंभ, झारखंड के बच्चों को मिलेगा निशानेबाजी का प्रशिक्षण

रांची। डीएवी हेहल, कटहल मोड़ के सामने झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त एकलव्य शूटिंग क्लब का रविवार को शुभारंभ हुआ। क्लब का उद्घाटन रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो एवं उप महापौर नीरज कुमार ने रिबन काटकर तथा राइफल-पिस्टल चलाकर किया। कार्यक्रम में छात्र क्लब ग्रुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव किशोर शर्मा, संरक्षक शुभम चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
क्लब के निदेशक गोविंदा कुमार ने बताया कि संस्थान में झारखंड के बच्चों को 10 मीटर राइफल एवं 10 मीटर पिस्टल शूटिंग का प्रशिक्षण कुशल एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्लब की स्थापना का मुख्य उद्देश्य झारखंड के प्रतिभावान बच्चों को निशानेबाजी के क्षेत्र में बेहतर मंच उपलब्ध कराकर उन्हें ओलंपिक स्तर तक पहुंचाना और राज्य का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना है।
उप महापौर नीरज कुमार ने क्लब के शुभारंभ पर प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि अब झारखंड के बच्चों को निशानेबाजी का प्रशिक्षण लेने के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं छात्र क्लब ग्रुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव किशोर शर्मा ने कहा कि रांची में शूटिंग क्लब की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। एकलव्य शूटिंग क्लब के शुरू होने से रांची एवं आसपास के बच्चों को निशानेबाजी सीखने का बेहतर अवसर मिलेगा और वे इसका भरपूर लाभ उठा सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान आशा देवी एवं कविता कुमारी ने अतिथियों का तिलक लगाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। समारोह में मुकेश बर्मन, राजन गुप्ता, संदीप कुमार, सूरज प्रताप सिंह, आनंद कुमार उर्फ संटु कुमार, आयुष कुमार, यथार्थ परासर, नितिन राज, वेद शाहदेव, अवतार आनंद राज, शुभम कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
एकलव्य शूटिंग क्लब के शुभारंभ पर छात्र क्लब ग्रुप के लीगल एडवाइजर एवं विक्की के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता सोनाली भट्टाचार्य तथा विश्वकर्मा युवा सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय मुख्य संयोजक संतोष कुमार श्रेयांश ने भी क्लब के निदेशक गोविंदा कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।



