गणपति बप्पा के जयघोष से गूंजा कांठ: भव्य प्रभात फेरी के बाद वैश्य बिश्नोई शिव मंदिर में विधि-विधान से विराजमान हुए श्री गणेश, श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना
कांठ में गणेश महोत्सव के अवसर पर सोमवार को नगर कांठ में भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा की भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साह और उमंग के साथ शामिल हुए। मधुर भजनों एवं गणपति बप्पा के जयकारों के बीच श्रद्धालु नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़े। भक्तिमय वातावरण के बीच जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का पुष्पवर्षा एवं श्रद्धाभाव से स्वागत किया।
कांठ के वैश्य बिश्नोई शिव मंदिर में श्री गणेश महोत्सव का पूजन करते अभय बिश्नोई।
प्रभात फेरी के उपरांत श्री गणेश जी की प्रतिमा को मेन मार्केट कांठ स्थित वैश्य बिश्नोई शिव मंदिर में विधि-विधानपूर्वक विराजमान कराया गया। आचार्य शुभम शास्त्री एवं पंडित सुरेंद्र शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर गणेश जी की प्रतिमा की स्थापना कराई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर भगवान गणेश से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। प्रतिमा स्थापना के दौरान मंदिर परिसर “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में गणेश महोत्सव को लेकर विशेष उत्साह और उमंग दिखाई दी। भक्तों ने भगवान श्री गणेश के चरणों में श्रद्धा एवं आस्था के साथ शीश नवाकर मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
इस अवसर पर अनिल कुमार बिश्नोई, मनोज कुमार बिश्नोई, बबलू मराठा, बृजेन्द्र कुमार बिश्नोई, अभय कुमार बिश्नोई, हिमांशु, प्रमोद कुमार, साहू पार्थ बिश्नोई, भरत बिश्नोई, चन्द्रमोहन विश्नोई, कुंवरपाल सिंह, विनीता बिश्नोई, मोहिता, सबिता, मोनिका, रेनू, तनू, आशी, प्रियांशी, शिव मराठा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।