बालाघाट जिले में जनसुनवाई में सुनी गईं आवेदकों की समस्याएँ 98 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए

जिला संवाददाता – नंदकिशोर सिंह मेरावी , बालाघाट
बालाघाट 15 सितम्बर 2026। प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 15 सितम्बर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम की अध्यक्षता में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 98 आवेदक अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे।
जनसुनवाई में बैहर तहसील अंतर्गत ग्राम आमगांव के राजेश खरे राशन पात्रता पर्ची बनवाये जाने की मांग लेकर आये थे। राजेश का कहना था कि वह आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति है और उसे परिवार के भरण पोषण में काफी कठिनाईयो का सामना करना पड रहा है। अत: शीघ्र मेरी राशन पर्ची बनवायी जाए, जिससे परिवार के भरण पोषण में मदद मिले। इस प्रकरण में जिला आपूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
खैरलांजी तहसील के ग्राम किन्ही के प्रभंजन ठाकुर शिकायत लेकर आये थे कि प्राथमिक शाला मंदिर टोला किन्हीं का पुराना भवन जर्जर होकर गिरने की स्थिति में पहुंच गया है। नई बिल्डिंग में पढ़ाई संचालित होने के बावजूद पुरानी इमारत के आसपास सांप-बिच्छू निकलने से बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों और पालकों द्वारा पिछले 5 वर्षों से जर्जर भवन को डिस्मेंटल कराने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जर्जर भवन गिराने की कार्रवाई कर बच्चों एवं ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस प्रकरण में कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
लांजी तहसील अंतर्गत ग्राम कुम्हारीकला के खगेन्द्र नारायण मिश्रा भानेगांव में अतिथि शिक्षक वर्ग 01 संस्कृत का पद रिक्त होने के बावजूद प्रभारी द्वारा ज्वाइनिंग नही दिये जाने की शिकायत लेकर आये थे। खगेन्द्र ने बताया कि पीएमश्री हायर सेकेंडरी स्कूल भानेगांव में वर्ग-01 संस्कृत का पद पोर्टल पर रिक्त प्रदर्शित हो रहा है। मेरिट सूची में 13वें स्थान पर होने तथा ऊपर के अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो जाने के बावजूद संस्था प्रभारी द्वारा खगेंद्र को ज्वाइनिंग नहीं देने की बात कही गई। खगेंद्र के द्वारा शीघ्र उसे ज्वाइनिंग दिलाये जाने की मांग की गई है। इस प्रकरण में जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
खैरलांजी तहसील अंतर्गत ग्राम सालेबर्डी की करिश्मा बावने 22 साल से लापता पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग लेकर आयी थी। करिश्मा ने बताया कि उसके पिता रवि सोनवाने पिछले 22 वर्षों से लापता हैं और उनकी मां का भी तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। पिता के नाम दर्ज 50 डिसमिल भूमि का फौती प्रकरण कराने में मृत्यु प्रमाण पत्र आवश्यक होने के चलते उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की है। इस प्रकरण में एसडीएम वारासिवनी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
लामता तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बटुआ के ग्राम बसेगांव के अजयलाल बघेले प्रधानमंत्री जनधन बीमा योजना की राशि प्रदाय करने की मांग लेकर आये थे। अजय ने बताया कि उसकी माता श्रीमती खेलेश्वरी का निधन 19 जुलाई 2026 को 55 वर्ष की आयु में हो चुका है, किंतु अब तक उसे बीमा की राशि प्राप्त नही हुई है। इस प्रकरण में अग्रणी बैंक प्रबंधक को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
किरनापुर तहसील अंतर्गत ग्राम करियादण्ड की खिलेश्वरी बिसेन आंगनवाड़ी सहायिका चयन में BPL के 5 अंक नहीं जोड़े जाने की शिकायत लेकर आयी थी। खिलेश्वरी का कहना था कि उसने आंगनवाड़ी सहायिका पद की चयन प्रक्रिया के लिए आवेदन किया था, किंतु वैध BPL कार्ड होने के बावजूद मेरिट में निर्धारित 5 अंक नहीं जोड़े गए, जिससे उनकी मेरिट प्रभावित हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दस्तावेजों का सत्यापन कर BPL के 5 अंक जोड़ने और चयन प्रक्रिया में नियमानुसार लाभ दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
जनसुनवाई में बालाघाट तहसील के भरवेली निवासी जागेलाल वराडे मॉयल मैनेजर द्वारा उसे नौकरी से हटाने और बेघर करने की शिकायत लेकर आये थे। जागेलाल ने बताया कि वे अपने पिता के स्थान पर मॉयल भरवेली खान में कार्यरत थे और वर्ष 2008 में सड़क दुर्घटना में घायल हुए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 में उन्हें 45 प्रतिशत स्थायी विकलांगता का प्रमाण पत्र मिला, जिसके बाद 6 जनवरी 2010 को मॉयल नागपुर द्वारा नौकरी से हटा दिया गया। अत: उसने विधिक सहायता, भरण-पोषण एवं न्याय दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में मॉयल मेनेजर भरवेली को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
बालाघाट तहसील अंतर्गत ग्राम नैतरा की मीता लिल्हारे प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम जोडे जाने की मांग लेकर आयी थी। मीता लिल्हारे ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व अतिवृष्टि के कारण उनके घर की छत गिर गई थी। मुआवजे के रूप में 6 हजार रुपये मिले, लेकिन रहने की उचित व्यवस्था नहीं होने से परिवार दूसरे के घर में झोपड़ी बनाकर रह रहा है। अत: प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में उसका नाम जोड़कर जल्द आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। इस प्रकरण में जनपद सीईओ बालाघाट को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
खैरलांजी तहसील अंतर्गत ग्राम सालेबर्डी की जैतुरा बावने सेवा सहकारी समिति के रिकॉर्ड में उनके दिवंगत पति के नाम फर्जी ऋण दर्ज होने की शिकायत लेकर आयी थी। जैतुरा बावने ने बताया कि वर्ष 2019 में उनके पति ने न तो निजी ऋण लिया और न ही उर्वरक ऋण, क्योंकि वे उस समय खेती भी नहीं करते थे। रिकॉर्ड में 21 हजार 504 का उर्वरक ऋण, 64 हजार 510 का निजी ऋण सहित कुल करीब 1 लाख 08 हजार 364 का ऋण दर्ज बताया गया है। जैतुरा बावने ने ऋण दस्तावेजों की जांच कर फर्जीवाड़े का खुलासा करने और उचित न्याय दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में सीईओ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने संबंधित आवेदन पर विभागीय अधिकारी को सख्त निर्देश दिये कि आवेदनो का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई के आवेदनों के निराकरण में किसी भी तरह से लापरवाही न बरती जाए। आवेदन का निराकरण संतोषजनक व संतुष्टि के साथ होना चाहिए ताकि किसी भी आवेदक को एक ही समस्या पर दोबारा जनसुनवाई में आवेदन की आवश्यकता न पडे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







