कांठ में महिला पर हमला करने वाला तेंदुआ पिंजरे में फंसा, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, दो दिन में पकड़े गए दो तेंदुए

कांठ तहसील क्षेत्र के गांव भरतपुर में महिला पर हमला कर उसे घायल करने वाला तेंदुआ आखिरकार बृहस्पतिवार की सुबह वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में फंस गया। तेंदुआ पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में लेकर मुरादाबाद स्थित डियर पार्क ले गई। वहां तेंदुए का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसे पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। तेंदुआ मादा है और उसकी उम्र करीब चार से पांच वर्ष बताई गई है।
गौरतलब है कि 15 सितंबर मंगलवार को कांठ के गांव भरतपुर निवासी निर्वेश देवी पशुओं के लिए घास काटने के लिए खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया था। तेंदुए के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना के बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका उपचार अभी भी जारी है। महिला पर तेंदुए के हमले की घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना के बाद वन विभाग ने हमलावर तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया था। विभाग की टीम ने संभावित स्थानों पर दो पिंजरे लगाए थे। इसके साथ ही तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम लगातार गांव में कैंप कर रही थी। टीम द्वारा आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाने के साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और तेंदुए से बचाव के संबंध में जागरूक किया जा रहा था।
बृहस्पतिवार की सुबह वन विभाग की रणनीति उस समय सफल हो गई, जब तेंदुआ लगाए गए पिंजरों में से एक में जाकर फंस हो गया। पिंजरे में तेंदुआ फंसे होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। वन विभाग के डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह और वन दरोगा राजेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पिंजरे समेत अपने कब्जे में लिया और उसे मुरादाबाद स्थित डियर पार्क ले जाया गया। उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
वन विभाग के अनुसार परीक्षण में तेंदुआ स्वस्थ पाया गया। पकड़ा गया तेंदुआ मादा है और उसकी उम्र करीब चार से पांच वर्ष है। तेंदुआ पकड़े जाने के बाद भरतपुर गांव के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से तेंदुए की दहशत के बीच ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। अब तेंदुआ पिंजरे में फंसने के बाद ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। बता दें की कांठ तहसील क्षेत्र में दो दिन के भीतर वन विभाग दो तेंदुए को पकड़ चुका है बुधवार को भी क्षेत्र के गांव रामसराय भंकरी से एक तेंदुआ पकड़ा गया था और बृहस्पतिवार को गांव भरतपुर में लगे पिंजरे में तेंदुआ फंस गया। लेकिन दो तेंदुए पकड़े जाने के बाद भी क्षेत्र में लगातार तेंदुए दिखाई देने से दहशत का माहौल बना हुआ है।
Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







