हरिद्वार में कैंसर उपचार की आधुनिक सेवाएं

हरिद्वार में कैंसर उपचार की अत्याधुनिक सुविधा बड़ी उपलब्धि: विनय शंकर पाण्डेय
होप सुपर स्पेशियलिटी एवं कैंसर हॉस्पिटल में सिटी-पैट स्कैन मशीन का शुभारंभ
हरिद्वार। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तराखंड के सचिव विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि कैंसर का नाम सुनते ही मरीज ही नहीं, बल्कि पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक संकट से घिर जाता है। ऐसे में यदि अत्याधुनिक जांच एवं उपचार की सुविधा अपने ही शहर में उपलब्ध हो जाए तो यह किसी वरदान से कम नहीं है। हरिद्वार में कैंसर उपचार की सुविधाओं का विस्तार मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
शुक्रवार को होप सुपर स्पेशियलिटी एवं कैंसर हॉस्पिटल, हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में सिटी-पैट स्कैन मशीन का शुभारंभ करते हुए सचिव विनय शंकर पाण्डेय ने वरिष्ठ चिकित्सकों, अस्पताल प्रबंधन, अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कैंसर का उपचार लंबा और खर्चीला होने के साथ-साथ कई चरणों में होता है। महानगरों में उपचार के लिए बार-बार जाने से मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में हरिद्वार में अत्याधुनिक जांच सुविधा उपलब्ध होना क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की बात है।
उन्होंने कहा कि डॉ. एस.के. मिश्रा के प्रयासों से हरिद्वार में कैंसर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। इससे हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को जांच और उपचार के लिए महानगरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी तथा उनके समय और संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ाई केवल दवाइयों और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से ही नहीं, बल्कि मरीज के हौसले, संवेदना और सहयोग से भी लड़ी जाती है। गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों तक उपचार की सुविधा पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से अस्पताल को आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास का भरोसा भी जताया।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि जिस प्रकार विद्या का दान महान माना गया है, उसी प्रकार चिकित्सा सेवा भी मानवता की महान सेवा है। किसी जरूरतमंद को समय पर उपचार मिल जाना केवल एक व्यक्ति के जीवन को बचाना नहीं, बल्कि पूरे परिवार में उम्मीद और विश्वास को जीवित रखना है। उन्होंने कहा कि होप हॉस्पिटल जिस विजन के साथ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रहा है, उसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। इस दिशा में अस्पताल प्रबंधन के प्रयासों को समाज, प्रशासन और सरकार का सहयोग मिलना आवश्यक है।
होप हॉस्पिटल के डॉ. एस.के. मिश्रा ने कहा कि अस्पताल में सिटी-पैट स्कैन मशीन का शुभारंभ सचिव विनय शंकर पाण्डेय के कर-कमलों से किया गया है। अब कैंसर मरीजों को जांच के लिए दूसरे शहरों की ओर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को बेहतर कैंसर उपचार सुविधाओं का केंद्र बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। आने वाले समय में अधिक से अधिक मरीजों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर डॉ. संतोषानंद देव, महामंडलेश्वर सत्यश्री महाराज, जगदीश लाल पाहवा, प्रमोद शर्मा, सीए आशुतोष पाण्डेय, डॉ. संजय शाह, डॉ. मनीष दत्त, उमेश शर्मा, डॉ. आर.के. सिद्धु, सुखप्रीत, हेमा भट्ट, विकास कुमार झा, महेश दुबे, उज्जवल पंडित सहित अनेक गणमान्य लोग एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






