भाजपा में प्रांशु दत्त द्विवेदी को कानपुर दक्षिण और अनिल यादव को मिली कानपुर उत्तर के प्रभारी की जिम्मेदारी

हिमांशु दीक्षित, कानपुर। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में संगठन को और अधिक धार देने के लिए कानपुर महानगर में दो अहम नियुक्तियां की हैं।
पार्टी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य (MLC) प्रांशु दत्त द्विवेदी को कानपुर महानगर दक्षिण का नया प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि अनिल यादव को कानपुर महानगर उत्तर की कमान सौंपी गई है। दोनों नेताओं के राजनीतिक इतिहास को देखते हुए इसे पार्टी का एक बड़ा और रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
प्रांशु दत्त द्विवेदी राजनीतिक विरासत और संघर्ष से उभरा चेहरा:
कानपुर दक्षिण के नए प्रभारी बनाए गए प्रांशु दत्त द्विवेदी उत्तर प्रदेश की राजनीति के कद्दावर और दिवंगत भाजपा नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी के भतीजे हैं। इसके अलावा, वह फर्रुखाबाद सदर सीट से विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के चचेरे भाई हैं।
राजनीतिक सफर:
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 2002 में भाजयुमो के नगर उपाध्यक्ष के रूप में की थी। इसके बाद 2003 में जिला उपाध्यक्ष और 2005 में जिलाध्यक्ष बने।
संगठन में लंबी मेहनत के बाद उन्हें 2011 में भाजयुमो का प्रदेश मंत्री, 2013 में राष्ट्रीय मंत्री और जून 2021 में भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। संघर्ष और उपलब्धियां:
अपने शुरुआती राजनीतिक सफर के दौरान एक तिरंगा यात्रा के सिलसिले में उन पर रासुका (NSA) जैसी सख्त कार्रवाई भी हुई थी और वह जेल भी गए थे।
जेल से रिहाई के बाद उनका राजनीतिक कद और मजबूत हुआ। अप्रैल 2022 में पार्टी ने उन्हें इटावा-फर्रुखाबाद सीट से एमएलसी चुनाव में मैदान में उतारा, जहां उन्होंने शानदार जीत दर्ज की।
अब पार्टी ने उनके सांगठनिक अनुभव को देखते हुए कानपुर दक्षिण जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी है। अनिल यादव सांगठनिक अनुभव के धनी:
कानपुर उत्तर की जिम्मेदारी संभालने वाले अनिल यादव पार्टी के एक निष्ठावान और लंबे समय से सक्रिय रहने वाले नेता हैं।
संगठन के भीतर विभिन्न पदों और अन्य जिलों में प्रभावी भूमिका निभाने के बाद, उन्हें औद्योगिक और राजनीतिक रूप से संवेदनशील माने जाने वाले कानपुर महानगर उत्तर की कमान सौंपी गई है। जमीनी स्तर पर तालमेल बिठाने और पार्टी की कार्यशैली को आगे बढ़ाने में उनका लंबा अनुभव पार्टी के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
कानपुर उत्तर और दक्षिण दोनों ही क्षेत्र यूपी भाजपा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। इन दोनों महानगरों में अनुभवी प्रभारियों की तैनाती से साफ है कि पार्टी आने वाले सांगठनिक अभियानों और आगामी चुनाव की रणनीतिक तैयारियों को लेकर पूरी तरह सक्रिय मोड में आ गई है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






