बल्लारपुर में बड़ा हादसा: प्रसव के दौरान मां और नवजात की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, पति ने दर्ज कराई शिकायत

बल्लारपुर से समीर वानखेड़े ब्यूरो चीफ वंदे भारत LIVE TV NEWS की रिपोर्ट
बल्लारपुर शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के प्रसिद्ध कल्लूरवार हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान एक मां और उसके नवजात बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका के पति ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बल्लारपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद शहर में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पटना (बिहार) निवासी नीलमकुमारी रंजीत कुमार सिंह को 22 सितंबर को प्रसव के लिए डॉ. नितीन कल्लूरवार और डॉ. शुभांगी कल्लूरवार के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुबह करीब 3 बजे उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हुई और डॉक्टरों ने डिलीवरी की प्रक्रिया शुरू की। सुबह 5 बजे के आसपास प्रसव हुआ, लेकिन कुछ ही देर बाद नवजात बच्चे की मौत हो गई और उसके बाद प्रसूता मां ने भी दम तोड़ दिया।
पति का गंभीर आरोप – “40 मिनट तक पत्नी के पास कोई नहीं था”
मृतका के पति रंजीत कुमार सिंह जो रेलवे में लोको पायलट के पद पर हैं और बल्लारशाह से बडनेरा के बीच ड्यूटी करते हैं, उन्होंने अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि भर्ती के समय उनकी पत्नी बिल्कुल स्वस्थ थी और सभी जांचें सामान्य थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रसव के बाद डॉक्टर सिर्फ नवजात बच्चे को देखने में लगे रहे और करीब 40 मिनट तक उनकी पत्नी के पास कोई भी डॉक्टर या नर्स नहीं गया। इसी लापरवाही के कारण उनकी पत्नी को सही समय पर इलाज नहीं मिला और उसकी मौत हो गई। उन्होंने सवाल उठाया कि “जब पत्नी की हालत गंभीर थी तो डॉक्टरों ने उन्हें पहले क्यों नहीं बताया?”
रंजीत सिंह ने डॉक्टरों की लापरवाही से अपनी पत्नी और बच्चे की जान जाने की लिखित शिकायत बल्लारपुर पुलिस को दी है।
डॉक्टरों का पक्ष क्या है?
इस संबंध में जब हमारे प्रतिनिधि ने अस्पताल जाकर डॉ. मंजुषा कल्लूरवार से बात की तो उन्होंने कहा कि प्रसूता का बीपी अचानक बहुत ज्यादा लो हो गया था और नवजात के गले में नाल फंस गई थी। हमने चंद्रपुर से दो विशेषज्ञ डॉक्टरों को भी बुलाया और बचाने के सभी संभव प्रयास किए, लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों को नहीं बचाया जा सका।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद बल्लारपुर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए चंद्रपुर जिला सामान्य अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए बिहार के पटना ले जाया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







