दस दिवसीय गणेशोत्सव का हुआ समापन, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों के साथ निकली भव्य विसर्जन यात्रा

रिपोर्टर दुर्गालाल बोहरा
बेगूं। नगर में शुक्रवार को दस दिवसीय गणेशोत्सव के समापन पर गणपति विसर्जन का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं को ढोल-नगाड़ों, नासिक ढोल और गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा के रूप में विसर्जन स्थलों तक ले जाया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे।
गणपति विसर्जन की मुख्य शोभायात्रा लालबाई फूलबाई चौक से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा पुराना बस स्टैंड, आँचलियों का मोहल्ला, सेन समाज मंदिर, गणेश चौक, केसरिया चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा श्रद्धालु शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने गणपति प्रतिमाओं का स्वागत किया।
शोभायात्रा में विंटेज कार में सजी भगवान गणेश की आकर्षक झांकी, धार्मिक प्रस्तुतियां और नाथद्वारा से मंगाए गए नासिक ढोल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। ढोल की थाप और गणपति के जयकारों के बीच श्रद्धालु उत्साह से झूमते नजर आये
गणपति विसर्जन शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और जलपान की व्यवस्था की गई। लालबाई फूलबाई चौक पर हिंदू रक्षा दल की ओर से पूड़ी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
वहीं पुराने अस्पताल रोड पर सांवरिया मित्र मंडल की ओर से नुक्ती का प्रसाद वितरित किया गया। केसरिया चौक पर सत्यनारायण छिपा द्वारा पोहे-जलेबी तथा गौतम सिंधी के द्वारा चाय का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन में सहभागिता की।
दोपहर से ही नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से गणपति की छोटी-बड़ी प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए विभिन्न जलाशयों तक ले जाया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के बाद देवराबावड़ी, राजगढ़ तालाब, डोराई बांध सहित विभिन्न जलाशयों में गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा से सुख-समृद्धि की कामना की और अगले वर्ष फिर आने का आह्वान किया।
विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया, डीएसपी अंकित कुड़ी, तहसीलदार गोपाल जीनगर और थाना प्रभारी चम्पाराम के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने शोभायात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के साथ जलाशयों पर भी निगरानी रखी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







