रिपोर्टर दुर्गालाल बोहरा
बेगूं। क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग-अलग हादसों में एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। एक हादसा राजगढ़ तालाब में गणपति विसर्जन के दौरान हुआ, जबकि दूसरे मामले में खेत में काम करते समय जहरीले जानवर के काटने से युवती की जान चली गई।
राजगढ़ तालाब में डूबने से युवक की मौत
जानकारी के अनुसार उदयपुर निवासी कपिल पुत्र लक्ष्मीलाल नागदा (20) अपने दोस्त के यहां आया हुआ था। शुक्रवार को वह दोस्तों के साथ राजगढ़ तालाब में गणपति विसर्जन के लिए गया था। विसर्जन के दौरान वह तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। मोके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर तत्काल बेगूं उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बेगूं थाना पुलिस चिकित्सालय पहुंची। पुलिस ने शव को पुराने अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
खेत में काम करते समय जहरीले जानवर ने काटा, युवती की मौत
वहीं दूसरे हादसे में खुलाटिया निवासी संतरा पत्नी भेरूलाल भील (19) खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान उसे किसी जहरीले जानवर ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए बेगूं उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के शव को एम्बुलेंस के माध्यम से पुराने अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित परिवारों में शोक का माहौल है।