गांधी-शास्त्री जयंती पर आदर्श इंटर कॉलेज में हुआ ध्वजारोहण शिक्षकों ने सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान

गांधी-शास्त्री जयंती पर आदर्श इंटर कॉलेज में हुआ ध्वजारोहण
शिक्षकों ने सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान
महुली (सोनभद्र)। दुद्धी ब्लाक के महुली स्थित आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में शुक्रवार, 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र के समक्ष दीप-धूप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। शिक्षकों ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सत्याग्रह के माध्यम से देश को नई दिशा दी, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति की मिसाल कायम की।
उनके आदर्श आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विद्यालय के प्रबंधक महबूब आलम ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन हमें सादगी, अनुशासन तथा देशहित को सर्वोपरि रखने की सीख देता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य डॉ.
राकेश कुमार कन्नौजिया ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य और अहिंसा का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री की ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा आज के समय में भी अत्यंत प्रासंगिक है। विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करनी चाहिए।
वरिष्ठ शिक्षक कृष्ण मुरारी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल बड़े कार्यों से नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने से होता है। वहीं संतोष कुमार कन्नौजिया ने विद्यार्थियों से स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
अन्य शिक्षकों ने भी गांधी और शास्त्री के विचारों को वर्तमान पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बताया। इस अवसर पर कृष्ण मुरारी, संतोष कुमार कन्नौजिया, शंभू नाथ गुप्ता,कृष्णा कुमार, अवधेश कुमार, अमित कुमार मिश्रा, आलोक कुमार, अभिषेक कुमार, रोजलिन एंथोनी , रूपा कुमारी,सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन महापुरुषों के आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






