सिंगरौली: शराब के नशे में ट्रक चला रहे 6 चालक पकड़े, वाहन जब्त।

सिंगरौली: शराब के नशे में ट्रक चला रहे 6 चालक पकड़े, वाहन जब्त कर कोर्ट भेजे जाएंगे।
यातायात पुलिस ने 87 वाहनों की आधी रात तक की जांच, निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा और पुराना ट्रैफिक तिराहा पर की कार्रवाई
सिंगरौली: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने रविवार देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग स्थानों पर की गई जांच के दौरान शराब के नशे में ट्रक चलाते मिले 6 चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए। सभी वाहनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर प्रकरण का निराकरण कराया जाएगा।
पुलिस के अनुसार थाना यातायात की अलग-अलग टीमों ने निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा और पुराना ट्रैफिक तिराहा पर मध्यरात्रि में औचक चेकिंग की। इस दौरान करीब 87 वाहनों की जांच की गई। वाहन चालकों को शराब या किसी अन्य मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की समझाइश भी दी गई।
नशे में ड्राइविंग से नियंत्रण खोने का खतरा
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को बताया कि शराब अथवा मादक पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन चलाने से मानसिक संतुलन और प्रतिक्रिया देने की क्षमता प्रभावित होती है। इससे वाहन पर नियंत्रण नहीं रह पाता और सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। खासतौर पर भारी वाहनों के नशे में संचालन से गंभीर हादसे हो सकते हैं।
छह माह के लिए लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए सभी 6 ट्रक चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। न्यायालय के आदेश के अनुसार लाइसेंस को छह महीने के लिए निलंबित कराने हेतु प्रस्ताव जिला परिवहन कार्यालय को भेजा जाएगा।
यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक रोशनी केसरवानी का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और स्वयं के साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शियाज़ के.एम. के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक रोशनी केसरवानी व यातायात पुलिस टीम द्वारा की गई।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







