रेलवे कॉरिडोर की निर्माणाधीन टनल में मिट्टी धसी बडा हादसा टला।

सहसोला में ऑर्बिटल रेलवे कॉरिडोर की निर्माणाधीन टनल में मिट्टी धंसी, बड़ा हादसा टला, ग्रामीणों और निर्माण कंपनी में हंगामा।
सुरक्षा उपकरण न लगाने और बिना चेतावनी ब्लास्टिंग का आरोप, ग्रामीणों ने डीसी से की शिकायत।
तावडू। उपमंडल के गांव सहसोला के पाटुका क्षेत्र में हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की निर्माणाधीन टनल में रविवार देर शाम अचानक मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा टल गया। खेत में करीब 20 मीटर के दायरे में जमीन अचानक नीचे धंस गई, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि उस समय खेत में कोई किसान या बच्चे मौजूद नहीं थे, कुछ देर पहले ही वहां से ट्रैक्टर-ट्रॉली निकली थी। घटना के बाद ग्रामीणों और टनल का निर्माण कर रही निर्वाण निर्माण कंपनी व रेलवे अधिकारियों के बीच सोमवार को मौके पर हंगामा हो गया।
ग्रामीणों इस्लाम, मुबीन, रजाक, अब्बास, मौज खान, जोम खान, समीम, जुबेर, अरशद आदि ने आरोप लगाया कि निर्माण कंपनी द्वारा टनल निर्माण में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया जा रहा है। जहां टनल बन रही है वहां मिट्टी रोकने के लिए पर्याप्त सपोर्ट, सुरक्षा उपकरण और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। दिन-रात ब्लास्टिंग की जाती है और उसकी पूर्व सूचना भी नहीं दी जाती। मिट्टी धंसने से जो गहरा गड्ढा बना है, उससे बच्चों, पशुओं और वन्य जीवों को खतरा बना हुआ है और फसल व जमीन को नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी अधिकारियों को सुरक्षा को लेकर आगाह किया गया था, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। जमीन अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर भी विवाद कोर्ट में लंबित है।ग्रामीणों ने बताया कि यह टनल सेहसोला, घुसपैठी, पाटुका, किरूरी और धुलावट सहित अरावली क्षेत्र से होकर बनाई जा रही है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन निर्माण कंपनी के अधिकारी करीब 24 घंटे बाद पहुंचे। मौके पर पहुंचे रेलवे और निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि यह साइड का हिस्सा है और तकनीकी जांच की जाएगी, धंसी हुई जगह की भरपाई और चेतावनी बोर्ड व बैरिकेडिंग लगाई जाएगी। वहीं डीसी अखिल पिलानी ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है, जांच कराई जाएगी और संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जब तक सुरक्षा का पूरा आश्वासन नहीं मिलता, काम नहीं करने दिया जाएगा और हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







