*पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को लेकर आरओ-एआरओ का प्रशिक्षण आयोजित*

*जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने दिए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
नागौर, 5 अक्टूबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 की तैयारियों के तहत सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सभी रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को उनके दायित्वों, निर्वाचन नियमों एवं प्रक्रियाओं के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।
*निर्वाचन प्रक्रिया एवं दायित्वों की दी गई जानकारी*
प्रशिक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारियों एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव से संबंधित निर्वाचन प्रक्रिया, निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्वाचन कार्य के दौरान अपने दायित्वों का निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार निर्वहन करने, निर्वाचन से संबंधित सभी कार्यों में निर्धारित समय-सीमा एवं दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के संबंध में अवगत कराया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना सभी निर्वाचन अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियम-कायदों एवं प्रक्रियाओं की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए।
*नियमों की पालना एवं समन्वय पर विशेष जोर*
कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में अधिकारियों को पूर्ण सजगता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने आरओ एवं एआरओ को अपने-अपने क्षेत्र में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का प्रभावी समन्वय बनाए रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक कार्य को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी नियमों, निर्देशों एवं प्रक्रियाओं का गंभीरता से अध्ययन करने तथा प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को प्रभावी रूप से लागू करने के भी निर्देश दिए
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम रतन सोंकरिया सहित जिले के समस्त रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित रहे।
————–
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






