*आगर-मालवा।* जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच बड़ौद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीजानगरी तिराहे पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने शराब की खेप ले जा रहे एक आरोपी को दबोच लिया। तलाशी में बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई, वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच में 150 क्वार्टर देशी पतेना शराब, 150 क्वार्टर मधुशाला शराब एवं 23 नग ब्वॉय दमशराब बरामद हुए। पुलिस ने कुल 65.500 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की। शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली।
*शराब कहां से आई, कहां पहुंचानी थी? जांच जारी*
मामले में पुलिस ने सज्जन सिंह सौंधिया को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस आरोपी से शराब के स्रोत और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी, इसे लेकर पूछताछ कर रही है। कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
*अवैध कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर*
बड़ौद पुलिस की कार्रवाई के बाद साफ है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।