जमीन पर कब्जा कर जान से मारने की धमकी सरपंच सहित 6 के खिलाफ केस दर्ज

जमीन पर कब्जा कर जान से मारने की धमकी, सरपंच सहित 6 के खिलाफ केस दर्ज।
तावड़ू। सदर थाना सीमा क्षेत्र के गांव सुनारी में जमीन पर कब्जा कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गांव के सरपंच सहित 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित बिन्नी गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव सुनारी के राजस्व क्षेत्र में उनकी और उनकी बहन की कुल 11 कनाल 4 मरला भूमि है, जिसके वे समान रूप से मालिक और काबिज हैं। यह भूमि उनके पूर्वजों की है। 2019 से पहले उनके पिताजी जमीन पर आते-जाते थे, लेकिन 2019 में पिताजी के निधन के बाद वे स्वयं जमीन की देखरेख करने लगे। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2023 में गांव सुनारी निवासी राजमल, जाकिर सिक्कल उनके घर आए और जमीन को काश्त करने के लिए मांगा, तो उन्होंने जमीन काश्त करने के लिए दे दी। 19 सितंबर को वह अपने साथी अजहरुद्दीन के साथ अपनी जमीन पर गए, तो वहां राजमल उर्फ छोटनि पुत्र नबी खान, जुहरुद्दीन, जाकिर सेकुल पुत्र हसन मोहम्मद उर्फ मोटा भी आ गए। जब उन्होंने अपनी जमीन पर आगे से काश्त न करने के लिए कहा तो सभी गुस्से में आ गए और कहा कि जमीन पर उनका कब्जा है, अगर दोबारा जमीन पर आए तो जान से मार देंगे। इसके बाद 21 सितंबर को पीड़ित ने सामाजिक तौर पर स्थानीय लोगों को एकत्रित कर जमीन खाली करने के लिए कहा। इस दौरान गांव के सरपंच रहमदीन सहित कुछ अन्य लोग भी साथ आए। जब लोगों ने जमीन खाली करने को कहा तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और धमकी दी कि हिम्मत है तो जमीन पर कब्जा लेकर दिखाओ, वरना खून-खराबा हो जाएगा। डर के कारण पीड़ित जमीन पर नहीं गया और पुलिस को शिकायत दे दी। इस मामले में तावडू सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि बुधवार 7 अक्टूबर को पीड़ित बिन्नी गोयल की शिकायत के आधार पर राजमल पुत्र नबी खान, जुहरुद्दीन, जाकिर,सेकुल पुत्र हसन मोहम्मद उर्फ मोटा, निवासी गांव सुनारी और सरपंच रहमदीन ग्राम पंचायत सुनारी सहित 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







