कतरास में विरोध के बीच बीसीसीएल सीएमडी का दो टूक : सुरक्षा मानकों के साथ तेजी से बढ़ेगा कोकिंग कोल उत्पादन

*कतरास :* कतरास कोयलांचल में भू-धंसान और बीसीसीएल के ई-मेगा प्रोजेक्ट को लेकर जारी विरोध के बीच बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा है कि कंपनी सभी नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कोकिंग कोल का अधिक से अधिक उत्पादन करेगी.
उन्होंने कहा कि कोल इंडिया और बीसीसीएल का विस्तार हो रहा है. नई परियोजनाओं से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी.
सीएमडी ने कहा कि लोगों को भ्रामक बातों पर विश्वास नहीं करना चाहिए. उनके अनुसार, अंग्रेजों के समय से ही इस क्षेत्र में कोयले की निकासी होती रही है. राष्ट्रीयकरण के बाद कोल इंडिया सुरक्षा के साथ कोयला उत्पादन कर रही है. कोयला उद्योग ने लाखों लोगों को रोजगार देने के साथ उनके कल्याण और उत्थान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है.
डीसी रेल लाइन पर भी दिया जवाब
डीसी रेल लाइन से जुड़े सवाल पर सीएमडी ने कहा कि जिस स्थान पर वे खड़े हैं, वहां भी कोयला है. उन्होंने देशहित में कोकिंग कोल का उत्पादन जारी रखने की बात कही. उनका कहना था कि कंपनी का विस्तार नियमों और सुरक्षा व्यवस्था के तहत आगे बढ़ेगा.
कतरास में भू-धंसान की घटनाओं और ई-मेगा प्रोजेक्ट को लेकर जारी विरोध के बीच सीएमडी का यह बयान महत्वपूर्ण है. स्थानीय लोगों की सुरक्षा, प्रभावित क्षेत्रों के भविष्य और डीसी रेल लाइन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब कंपनी के दावों और जमीन पर होने वाली कार्रवाई पर लोगों की नजर रहेगी.
सीएमडी ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण होना चाहिए, ताकि वे सुख-शांति के साथ काम कर सकें. सभी को मिल-जुलकर ऐसा वातावरण बनाना चाहिए, जिससे कंपनी और क्षेत्र का कल्याण हो.
आगरडीह के नवनिर्मित काली मंदिर में की पूजा-अर्चना
इससे पहले शनिवार को सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने गोविंदपुर क्षेत्र के न्यू आकाशकिनारी कोलियरी अंतर्गत आगरडीह बूढ़ा बाबा मंदिर परिसर में स्थित नवनिर्मित काली मंदिर में पूजा-अर्चना की. उनके साथ डीटी (पीपी) राजीव कुमार सिन्हा और डीएफ राजेश कुमार भी मौजूद थे.बताया गया कि मंदिर पहले आकाशकिनारी आउटसोर्सिंग पैच के पास स्थित था. परियोजना के विस्तार के बाद उसे वहां से हटाकर नए स्थान पर स्थापित किया गया. सीएमडी ने महालया और नवरात्र के अवसर पर मां काली से कंपनी की प्रगति, सुरक्षित उत्पादन और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने की प्रार्थना की. उन्होंने क्षेत्र में विकास और कंपनी के कामकाज में आने वाली बाधाओं के दूर होने की कामना भी की.
अधिकारी और यूनियन प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में गोविंदपुर क्षेत्र के जीएम सत्यकाम आनंद, एजीएम डीके सिंह, पीओ एके झा, मैनेजर अमित कुमार, वित्त प्रबंधक यशवंत सिंह, सुरक्षा पदाधिकारी नारायण प्रसाद, एरिया मैनेजर प्लानिंग अमित कुमार, सिक्योरिटी मैनेजर शशि रंजन, प्रशासनिक पदाधिकारी अमित कुमार और आलोक रंजन सहित कई अधिकारी उपस्थित थे. मौके पर यूनियन नेता रणधीर ठाकुर, मुरारी तांती, मंतोष तिवारी, सुदय सिंह, राकेश सिंह, अरुण पासवान, भोला भंडारी, निर्मल कुमार, नारायण हांसदा, सचिन जायसवाल और सिकंदर कुमार समेत अन्य लोग भी मौजूद थे.
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






