किसानों को मंडी में गेट पास से लेकर फसल भुगतान तक न हो कोई परेशानी: डीसीअखिल पिलानी

किसानों को मंडी में गेट पास से लेकर फसल भुगतान तक न हो कोई परेशानी : डीसी अखिल पिलानी
नूंह, 13 अक्टूबर। डीसी अखिल पिलानी ने जिले में खरीफ फसलों की खरीद प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनाज मंडियों में फसल बेचने आने वाले किसानों को गेट पास बनवाने से लेकर फसल की खरीद, माप-तोल, उठान और फसल की कीमत का भुगतान होने तक किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल में नमी की जांच सहित खरीद प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित की जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि मार्केट कमेटी के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि फसल खरीद की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। किसानों को मंडियों में अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने मंडियों में बिजली, पेयजल, शौचालय तथा स्वच्छता की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों को मंडियों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि खरीद सीजन के दौरान किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। फसल खरीद से जुड़े प्रत्येक चरण में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की सुविधा और सुचारू फसल खरीद सरकार की प्राथमिकता है तथा इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिले की सभी अनाज मंडियों में अब तक बाजरा की कुल 16,991.40 मीट्रिक टन खरीद की जा चुकी है। मंडीवार आंकड़ों के अनुसार नूंह मंडी में 451.10 मीट्रिक टन, तावड़ू में 9,012.90 मीट्रिक टन, फिरोजपुर झिरका में 3,700.10 मीट्रिक टन, पुन्हाना में 3,773.70 मीट्रिक टन तथा पिनगवां में 53.60 मीट्रिक टन बाजरा की खरीद दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को एक ही दिन में 2,726.50 मीट्रिक टन बाजरा की खरीद हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद, उठान और भुगतान की प्रक्रिया में तेजी बनाए रखें, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने और उसका भुगतान प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






