KGBV मझिआँव में छात्राओं की कम उपस्थिति पर जिला शिक्षा पदाधिकारी नाराज, विशेष कक्षाएं चलाने का निर्देश

गढ़वा, 14 अक्टूबर। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी जगन्नाथ लोहरा ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), मझिआँव एवं कांडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं की उपस्थिति, साफ-सफाई, पठन-पाठन की व्यवस्था और सरकारी सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मझिआँव विद्यालय में छात्राओं की कम उपस्थिति और साफ-सफाई की कमी पर उन्होंने नाराजगी जताई।
मझिआँव में 265 में केवल 94 छात्राएं उपस्थित
निरीक्षण के दौरान केजीबीवी मझिआँव में कुल 265 नामांकित छात्राओं में से केवल 94 छात्राएं उपस्थित मिलीं। छात्राओं की कम उपस्थिति और विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की कमी पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने चिंता जताते हुए विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं और छात्रावास में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि सरकार की ओर से छात्राओं को मिलने वाली सभी सुविधाएं उन्हें नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। निर्धारित मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन देने, नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूरा करने को भी कहा।
मैट्रिक और इंटर की छात्राओं के लिए चलेंगी विशेष कक्षाएं
आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने परीक्षार्थियों की तैयारी बेहतर बनाने के लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने तथा नियमित मॉक टेस्ट आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं की विषयगत कठिनाइयों को दूर करते हुए उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि परीक्षा परिणाम में सुधार हो सके।
कांडी में 354 में 260 छात्राएं मिलीं उपस्थित
इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने केजीबीवी कांडी का निरीक्षण किया। यहां कुल 354 नामांकित छात्राओं में से 260 छात्राएं उपस्थित पाई गईं। उन्होंने मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की छात्राओं को परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए आवश्यक सुझाव दिए। साथ ही नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, विषयवार पुनरावृत्ति और परीक्षा की रणनीति पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुविधाओं की होगी नियमित समीक्षा
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने दोनों विद्यालयों के प्रबंधन को छात्राओं की नियमित उपस्थिति, स्वच्छ वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शैक्षणिक विकास को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र छात्रा तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





