काम में देरी करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी करने तथा पेनल्टी लगाने के सख्त निर्देश

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्माण कार्यों से संबंधित विभिन्न विभागों के डिपॉजिट वर्क्स एवं विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रगति रिपोर्ट के आधार पर सभी प्रोजेक्ट्स की वित्तीय और भौतिक प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि हाउसिंग बोर्ड के तहत- धर्मश्री पर मंगल विहार आवासीय योजना में 167 मकानों (49 MIG-A, 54 MIG-B, 31 LIG-A, 33 EWS-B) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में कॉलम फुटिंग एवं सरिया बांधने का काम चल रहा है।
कलेक्टर ने कार्य में गति लाते हुए इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। खुरई रिडेंसिफिकेशन योजना के तहत पशु चिकित्सालय एवं शासकीय आवास हैंडओवर किए जा चुके हैं।
तहसील व एसडीएम कार्यालय भवन, रेस्ट हाउस तथा पी डब्ल्यू डी ऑफिस का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। हिनौता गौशाला (300 गाय क्षमता), बस पिकअप स्टेशन, क्रिकेट ग्राउंड एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स गुलार रोड का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
राहतगढ़ सीएचसी का कार्य फिनिशिंग स्टेज पर है; इसे दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का 42% कार्य पूर्ण हो चुका है।
लंबित 30% रूफ स्लैब का कार्य मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से समन्वय कर जून 2027 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के निर्माण कार्य में हुई देरी का आकलन करने, संबंधित ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा पेनल्टी (Penalty) लगाने के सख्त निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार शासकीय स्वशासी कन्या उत्कृष्टता महाविद्यालय, सागर: में बाउंड्री वॉल निर्माण, पं. दीनदयाल उपाध्याय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के प्रोजेक्ट, शासकीय महाविद्यालय मकरोनिया बुजुर्ग के कार्यों को भी समय सीमा में करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय गढ़ाकोटा के संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग के इस कार्य में विलंब पर चिंता व्यक्त करते हुए स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए। शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, केसली के स्वीकृत प्रोजेक्ट में गति प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल, सागर में हॉस्टल ब्लॉक, एडमिन ब्लॉक और अस्पताल ब्लॉक के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि सेंट्रल जेल सागर रिडेंसिफिकेशन (चितौरा) में अत्याधुनिक जेल का संशोधित डीपीआर प्रस्तुत किया जा चुका है, जिस पर आगे की कार्यवाही जारी है।
बैठक में एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग के सड़क/ओवरब्रिज कार्य, वेस्टर्न बायपास की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि सागर – छतरपुर कबरई मार्ग एवं बेरखेड़ी – सुनई / बेरखेड़ी – गढ़ाकोटा (सागर लिंक रोड) के 90% काम पूरा हो चुका है।
कलेक्टर ने निर्देश दिये कि प्रचलित परियोजनाओं से संबंधित भूमि अधिग्रहण एवं विवाद को शीघ्र हल करें ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए। सागर-लखनादौन मार्ग सुधारीकरण कार्य तथा व्हीकुलर अंडरपास निर्माण को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मसूराई तोड़ा से जैसीनगर मार्ग, बीना बमहोरी मार्ग, धर्मश्री-भोपाल बायपास, मकरोनिया सिविल लाइन मार्ग (व्हाइट टॉपिंग) और पीजी रोड्स के नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा की गई एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया है कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं हो।
निर्माण एजेंसियां हर प्रोजेक्ट की जियो-टैग फोटो के साथ साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने निर्देश दिए कि काम में विलंब पर संबंधित ठेकेदारों एवं अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







