अभावों को मात देकर इमामुद्दीन अंसारी ने पाई सफलता, एक्सीलेंस लाइब्रेरी में की थी तैयारी
महराजगंज /उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित इमामुद्दीन अंसारी को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राम नगीना भारती ने अपने कार्यालय में अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साधारण परिवार से आने वाले इमामुद्दीन की सफलता को उन्होंने जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। डीआईओएस ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इमामुद्दीन ने मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए मिसाल है, जो कठिन परिस्थितियों के कारण अपने लक्ष्य से भटक जाते हैं। उन्होंने इमामुद्दीन को पुलिस सेवा में निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की सलाह दी।इमामुद्दीन के पिता अब्दुल सत्तार अंसारी अंडे की दुकान चलाते हैं, जबकि मां हाजरा खातून गृहिणी हैं। इमामुद्दीन ने किसान आदर्श इंटर कॉलेज, बेलवा से पढ़ाई की और स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने एक्सीलेंस लाइब्रेरी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। वह प्रतिदिन 12 से 15 घंटे पढ़ाई करते थे। मेडिकल क्षेत्र में कई बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पुलिस भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की। सम्मानित होने पर इमामुद्दीन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। इस अवसर पर एक्सीलेंस लाइब्रेरी के निदेशक अभिषेक श्रीवास्तव ,शमसाद अंसारी, हरिकेश कुमार, जहरुदीन , विनय यादव सहित अन्य गणमान्य लोग और छात्र उपस्थित रहे।