झरिया.
नवरात्र के पावन अवसर पर झरिया विधायक रागिनी सिंह ने सिंह मेंशन स्थित अपने आवास पर विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने कन्या पूजन कर मां जगदम्बा के प्रति श्रद्धा अर्पित की और सभी के सुख, शांति, समृद्धि व खुशहाली की कामना की.
नवरात्र शक्ति और भक्ति का प्रतीक : रागिनी सिंह
पूजा-अर्चना के दौरान सिंह मेंशन में भक्तिमय माहौल रहा. विधायक ने मां दुर्गा के श्रीचरणों में नमन कर क्षेत्र और समाज के लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की.
रागिनी सिंह ने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति, आस्था और भक्ति का प्रतीक है. मां दुर्गा की आराधना सत्य के मार्ग पर चलने, अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देती है.
कन्या पूजन नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक
विधायक ने कहा कि कन्या पूजन भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है. यह नारी शक्ति के सम्मान और उसके दिव्य स्वरूप के प्रति श्रद्धा को दर्शाती है. मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूप साहस, शक्ति और त्याग के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देते हैं.
उन्होंने मां जगदम्बा से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी पर बनी रहे और हर घर में सुख, शांति व समृद्धि का वास हो. साथ ही उन्होंने नवरात्र के अवसर पर समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी एकता कायम रहने की कामना की.