रेवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब ठेकों पर लूटपाट व तोड़फोड़ करने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

(सुरेश सिहाग)
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए रेवाड़ी को एक और बड़ी सफलता मिली है। सीआईए रेवाड़ी इंचार्ज निरीक्षक संजय कुमार की टीम ने बावल क्षेत्र में शराब ठेकों पर हथियार दिखाकर लूटपाट, तोड़फोड़ व जान से मारने की धमकी देने के मामले में संलिप्त एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला खैरथल-तिजारा के गांव नांगल सिया निवासी अरविंद उर्फ शेरा के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
वारदात का विवरण
जांचकर्ता ने बताया की गत 07 अक्टूबर की शाम करीब 05:00 बजे थाना बावल पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव पावटी, किशनपुर और नांगल उगरा स्थित शराब के ठेकों पर दो गाड़ियों (टाटा हैरियर व स्विफ्ट) और दो बाइकों पर सवार होकर आए करीब 8-10 युवकों ने तांडव मचाया। ये सभी युवक लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और अवैध हथियारों से लैस थे।
आरोपियों ने तीनों ठेकों के सेल्समैनों को हथियार दिखाकर डराया-धमकाया, ठेकों से बियर की पेटियां लूटीं, Paytm मशीन व अन्य सामान में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस की अब तक की कार्रवाई
पुलिस ने इन शराब ठेका ग्रुप के संचालक गांव अलावलपुर निवासी सुरेंद्र की शिकायत पर थाना बावल में मारपीट, लुट व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पूर्व गिरफ्तारियां: पुलिस इससे पहले मामले में संलिप्त दो आरोपियों— लोकेश निवासी सहमत नगर जिला खैरथल-तिजारा, राजस्थान और करण उर्फ डोगा निवासी गांव रानोली—को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक स्कूटी भी बरामद की थी।
ताजा गिरफ्तारी: जो इस मामले सीआईए रेवाड़ी ने बुधवार को मामले में संलिप्त तीसरे आरोपी अरविंद उर्फ शेरा को भी धर दबोचा।
रिमांड पर आरोपी, आगे की तफ्तीश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अरविंद उर्फ शेरा को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे गहन पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयुक्त अन्य वाहनों, हथियारों और फरार चल रहे अन्य साथियों के ठिकानों के बारे में पूछताछ की जाएगी। मामले की तफ्तीश जारी है और वारदात में शामिल बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
रेवाड़ी पुलिस का संदेश:
रेवाड़ी पुलिस आमजन को आश्वस्त करती है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







