मैहर मां शारदा धाम: नवरात्रि में श्रद्धालुओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने वाले गैंग का मुख्य आरोपी भेजा गया जेल

मैहर।
विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां शारदा धाम में नवरात्रि मेले के पंचमी के दिन दूर-दराज से दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने वाले गैंग के मुख्य सरगना को आखिरकार पुलिस ने जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान अनिकेत चौरसिया उर्फ लाला (पिता श्रीराम चौरसिया, निवासी वार्ड नं. 08, बड़े हनुमान मंदिर के पास, चौरसिया मोहल्ला, मैहर) के रूप में हुई है।
*वायरल वीडियो से खुली थी सुरक्षा व्यवस्था की पोल*
हाथ-फेरी लगाकर सामान बेचने वाले इस गिरोह द्वारा श्रद्धालुओं के साथ की गई बर्बर मारपीट का वीडियो किसी श्रद्धालु ने बनाकर सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर वायरल कर दिया था। वीडियो तेजी से लाखों लोगों तक पहुंचा और इस पर हजारों लोगों ने आक्रोश भरे कमेंट्स किए। इस घटना से जहां बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं में भय का माहौल बना, वहीं मेले की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की साख पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए थे।
*सख्त निर्देश के बाद हुई धरपकड़*
मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी मैहर अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई। कार्रवाई के दौरान सप्तमी के दिन एक आरोपी हरिओम चौरसिया को पकड़ा गया था। वहीं पुलिस चौकी शारदा धाम के प्रभारी विनय कुमार शुक्ला की निरंतर सक्रियता और दबाव के चलते मुख्य आरोपी अनिकेत चौरसिया उर्फ लाला पुलिस के समक्ष पेश हुआ। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 170 BNS के तहत इस्तगासा तैयार कर तहसीलदार मैहर के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया।
*श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर प्रशासन को बरतनी होगी सख्ती*
लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र मैहर धाम में ऐसी घटनाएं न केवल निंदनीय हैं, बल्कि धाम की छवि पर भी गहरा असर डालती हैं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का मानना है कि पवित्र स्थल पर दूर-दराज से आने वाले परिवारों व बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। ऐसे में जिला प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को असामाजिक व उपद्रवी तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाने होंगे, ताकि श्रद्धालु यहां बिना किसी डर और संकोच के दर्शन कर सकें।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





