खेलगांव सोसायटी की बैठक आयोजित

उदयपुर, 27 अक्टूबर। महाराणा प्रताप खेलगांव में खेल सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत ढांचे के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर मंगलवार को महाराणा प्रताप खेलगांव सोसायटी की बैठक जिला कलेक्टर एवं खेलगांव समिति अध्यक्ष गौरव अग्रवाल के निर्देशन में उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) आयुक्त अभिषेक खन्ना की अध्यक्षता में यूडीए में आयोजित हुई। बैठक में खेलगांव की विभिन्न गतिविधियों, सोसायटी के वित्तीय वर्ष 2024-25 के आय-व्यय तथा आगामी विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में आयुक्त अभिषेक खन्ना ने खेलगांव में निर्माणाधीन मल्टीपरपज इंडोर हॉल का कार्य 30 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने एथलेटिक्स ट्रैक के बीच उपलब्ध स्थान को फुटबॉल ग्राउंड के रूप में विकसित करने की आवश्यकता जताई, ताकि फुटबॉल खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिल सके और उपलब्ध भूमि का प्रभावी उपयोग हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत, शूटिंग रेंज का भी होगा सुधार
खेलगांव की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए बैठक में शूटिंग रेंज की आवश्यक मरम्मत और जरूरी संसाधनों की खरीद पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने खेलगांव की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग और पेंसिल डिवाइडर स्थापित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खेलगांव के विभिन्न स्थानों पर स्थायी कुर्सियां लगवाने के संबंध में भी निर्णय लिया गया।
ऑनलाइन पोर्टल से मिलेगी खेल सुविधाओं की जानकारी
बैठक में जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने बताया कि जल्द ही खेलगांव का ऑनलाइन पोर्टल शुरू हो जाएगा। इसके माध्यम से आमजन को खेलगांव में उपलब्ध सुविधाओं, खेल गतिविधियों और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी। साथ ही विभिन्न सेवाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेगी।
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए सिटी बस चलाने का प्रस्ताव
खेलगांव तक खिलाड़ियों और आमजन की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खेल अधिकारी डॉ. पालीवाल ने ई-बस सेवा शुरू करने की मांग भी रखी। इस पर आयुक्त खन्ना ने खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप बस संचालन का समय निर्धारित कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
खेल गतिविधियों की दरों की समीक्षा के निर्देश
इस दौरान विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए निर्धारित दरों और मुख्य क्रिकेट मैदान की दरों की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा महाराणा प्रताप खेलगांव समिति का विभिन्न खेल संघों में क्लब के माध्यम से पंजीकरण कराने को लेकर भी चर्चा हुई। साथ ही खेलगांव की सुविधाओं के विस्तार और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। इस अवसर पर पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता रविंद्र कुमार चौधरी सहित खेलगांव समिति के सदस्य एवं विभिन्न हितधारक मौजूद रहे।
कैप्शन-
खेलगांव- उदयपुर। महाराणा प्रताप खेलगांव सोसायटी बैठक में चर्चा करते यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना एवं उपस्थित सोसायटी सदस्य।
गिरीश कुमार वैष्णव
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
संभागीय ब्यूरो चीफ़
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






