जिला रिपोर्टर सुरेश चौहान आगर मालवा मध्य प्रदेश विधिक जागरूकता की आवाज बनेंगे पत्रकार, जन-जन तक पहुंचेगा न्याय का संदेश आगर-मालवा में मीडिया के साथ विधिक सेवा प्राधिकरण का मंथन, लो

आगर-मालवा, 27 अक्टूबर। न्याय केवल अदालतों की चारदीवारी तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर जरूरतमंद को अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी मिले—इसी उद्देश्य को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने मीडिया के साथ संवाद किया। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विधिक जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता का लाभ दिलाने में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
जिला न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में मंगलवार को आयोजित बैठक में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने पत्रकारों के साथ विधिक जागरूकता को प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि कानूनी अधिकारों, लोक अदालतों, निःशुल्क विधिक सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना जरूरी है। इस दिशा में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जनजागरूकता का सशक्त माध्यम बन सकता है।
*न्याय की जानकारी से ही अधिकारों के प्रति जागरूक होगा समाज*
बैठक में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि अनेक जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में कानूनी सहायता से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में मीडिया की जिम्मेदारी केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण है।
लोक अदालतों की उपयोगिता, विधिक जागरूकता शिविरों तथा आमजन के हित से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए पत्रकारों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए।
*जरूरतमंदों को मिले मुफ्त कानूनी सहायता का सहारा*
विचार-विमर्श के दौरान समाज के वंचित, जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों तक निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं का मानना था कि मीडिया और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और पात्र नागरिक उपलब्ध विधिक सेवाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएंगे।
बैठक का मूल संदेश स्पष्ट रहा—कानून की जानकारी हर नागरिक तक पहुंचे, कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में न्याय और कानूनी सहायता से वंचित न रहे।
*पत्रकारों ने दिए जनजागरूकता बढ़ाने के सुझाव*
बैठक में पत्रकार समरथ सिंह राजपूत, राजकुमार, रितेश खंडेलवाल, अब्दुल शफीक खान, हरिनारायण यादव, डॉ. जगदीश मालवी, सुरेश चौहान,देवेंद्र मेवाड़ा, बहादुर सिंह पवार सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे। पत्रकारों ने विधिक जागरूकता अभियान को व्यापक बनाने और जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के संबंध में अपने सुझाव साझा किए।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






