सात दिवसीय रुद्राम्बिका महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ का भव्य शुभारंभ

धूमधाम के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा
हाथरस सिकंदराराऊ ।कासगंज रोड स्थित ग्राम नगला जलाल के श्री राधाजी बैंक्विट हॉल में शुक्रवार को सात दिवसीय रुद्राम्बिका महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। धार्मिक आयोजन की शुरुआत भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ हुई। यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने पीत वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश रखे और धार्मिक उल्लास के साथ सहभागिता की। पूरा वातावरण जयकारों और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
कलश यात्रा में मुख्य यजमान समाजसेवी उदय पुंढीर अपनी पत्नी पूजा पुंढीर के साथ श्रीमद्भागवत महापुराण को सुसज्जित रथ में विराजमान कर शामिल हुए। यात्रा श्री राधाजी बैंक्विट हॉल से प्रारंभ होकर ग्राम टिकरी खुर्द पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ कलशों में गंगाजल स्थापित कर पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। यात्रा के समापन पर महिलाओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।
इसके बाद स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ मंडप में शुभ प्रवेश कराया। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का पाठ प्रारंभ हुआ।
इस दौरान स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने भागवत कथा का महत्व बताते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत सभी धर्मों का मूल है। इसके श्रवण से मन निर्मल होता है और वातावरण आनंदमय बनता है। इस सात दिवसीय आयोजन का प्रमुख आकर्षण 151 फीट ऊंची भगवा सनातन धर्मध्वजा होगी, जिसे हवन-यज्ञ के पश्चात विधि-विधान से फहराया जाएगा। इतनी ऊंची धर्मध्वजा का आरोहण इस आयोजन को विशेष पहचान देने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस भव्य आयोजन के सूत्रधार समाजसेवी उदय पुंडीर लंबे समय से अपनी जन्मभूमि सिकंदराराऊ में सामाजिक कार्यों के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। इस बार उनके नेतृत्व में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इस अवसर पर सोमेश यादव, वरिष्ठ दवा व्यवसाई देवेंद्र राघव, जिला पंचायत सदस्य सोनू चौहान, लोकेश जादौन, विपिन लाल, रिंकू शर्मा , आलोक पुंडीर, मीरा माहेश्वरी, कमलेश शर्मा, संतोष पौरुष, धर्मवीर यादव एडवोकेट, अपराजय यादव, विवेक पुंडीर प्रधान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। राजकुमार संपादक हाथरस
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







