बड़ा कठिन है डगर बांसी की…! बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण से जाम, राहगीर परेशान

बांसी नगर की सड़कों पर चलना अब किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है। कहीं बेतरतीब खड़े वाहन, कहीं दुकानों के सामने ठेले-खोमचे तो कहीं अव्यवस्थित ई-रिक्शों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। राप्ती पुल से पावर हाउस तक, रोडवेज चौराहे और बांसी-पथरा मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
सवाल उठता है कि आखिर बांसी कोतवाली पुलिस की ऐसी क्या मजबूरी है कि यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आती? राप्ती पुल से पावर हाउस तक मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे आवागमन में बाधा बने हैं। वहीं रोडवेज चौराहे पर दुकानों के सामने खड़े वाहन, फल के ठेले और ई-रिक्शों की भीड़ से अक्सर लंबा जाम लग जाता है। बांसी-पथरा मार्ग पर भी अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
पुलिस की मौजूदगी, फिर भी कार्रवाई क्यों नहीं? सबसे बड़ा सवाल बांसी कोतवाली पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहा है। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिस की आवाजाही के बावजूद यातायात व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं हो रहा है? क्या पुलिस की जिम्मेदारी केवल जाम लगने के बाद रास्ता खुलवाने तक सीमित है? अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर अतिक्रमण और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? इस अव्यवस्था का सबसे अधिक खामियाजा छात्राओं, महिलाओं, बुजुर्गों और आम राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण व अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया जाए। ई-रिक्शों के लिए निर्धारित स्टैंड और फल-ठेला विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित स्थान तय किया जाए। बांसी के नागरिकों का सवाल है कि आखिर कब तक शहर की सड़कों पर लोग जाम से जूझते रहेंगे? शहर को जाम मुक्त कराने के लिए अब कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि बांसी कोतवाली पुलिस और संबंधित विभागों की जवाबदेही के साथ धरातल पर ठोस कार्रवाई जरूरी है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







