हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र से पहले आज BJP-कांग्रेस ने बुलाई अहम बैठकें, सत्ता पक्ष और विपक्ष तैयार करेंगे अपनी रणनीति

Sandeep Sharma District Reporter Kurukshetra Haryana
हरियाणा विधानसभा के 26 नवंबर को होने वाले एक दिवसीय विशेष सत्र को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष द्वारा आज अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। बुधवार को भाजपा और कांग्रेस विधायक दल की अलग-अलग बैठकें होंगी।
इन बैठकों में विशेष सत्र के दौरान सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों, प्रस्तावों और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को पिछले दो वर्षों में की गई मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे।
इसके लिए उन्होंने सभी मंत्रियों, भाजपा विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों को बैठक में आमंत्रित किया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में विशेष सत्र के दौरान विधायकों की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा होगी।
साथ ही विपक्ष द्वारा सरकार को घेरने के लिए उठाए जाने वाले सवालों और आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की रणनीति बनाई जाएगी। दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सदन में रखे जाने वाले प्रस्तावों पर मंथन होगा।
इसके अलावा पंचकूला में प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों और रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहेंगे।
इस बीच हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने मंगलवार को जारी जानकारी में बताया कि विशेष सत्र में हरियाणा के 60 वर्षों के विकास और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर चर्चा होगी। विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सत्र की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सत्र से पहले विधानसभा परिसर में स्थापित भारत रत्न डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सभी विधायक संविधान निर्माता डा. आंबेडकर को श्रद्धांजलि देंगे।
सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शोक प्रस्तावों के साथ शुरू होगी। इसके बाद सुबह 11:15 बजे सदन की कार्यवाही सवा घंटे के लिए स्थगित की जाएगी।
इस दौरान विधान भवन के बाहर सेरेमोनियल गेट के समीप संविधान को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, संविधान निर्माताओं के योगदान और संविधान में निहित मूल्यों पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई जाएगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






