गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर भक्तिमय हुआ बलौदाबाजार, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर भक्तिमय हुआ बलौदाबाजार, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
प्रभात फेरी, मोटरसाइकिल रैली, भजन-कीर्तन और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन; जगह-जगह पुष्पवर्षा व स्वागत के साथ गूंजे जयकारे
बलौदाबाजार। मानवता, प्रेम, समानता, सेवा और भाईचारे का अमर संदेश देने वाले सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को बलौदाबाजार नगर में पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस पावन अवसर पर पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आया। दिनभर आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सिंधी समाज के लोगों सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों व श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 17 नवंबर से ही प्रतिदिन प्रातः प्रभात फेरी निकाली जा रही थी। मंगलवार को भी सुबह श्रद्धालुओं ने प्रभात फेरी निकालकर गुरु नानक देव जी के जयकारों एवं भजन-कीर्तन से नगर की गलियों को गुंजायमान कर दिया।
इसके पश्चात युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। स्थानीय सिंधी गुरुद्वारे में सुबह से ही शबद-कीर्तन, भजन एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुए।
गुरु दरबार में मत्था टेककर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं सर्वकल्याण की कामना की। दोपहर में गुरु का लंगर व भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
भव्य शोभायात्रा रही आकर्षण का केंद्र
शाम 5 बजे स्थानीय सिंधी गुरुद्वारे से भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में पंच प्यारे, सुसज्जित झांकियां, बैंड-बाजे एवं भजन-कीर्तन मंडलियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पंच प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा ने नगरवासियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के दौरान जगह-जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।
पूरे मार्ग में ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ और गुरु नानक देव जी के जयकारे गूंजते रहे। सेवा, समर्पण और समरसता का दिया संदेश
प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित विविध कार्यक्रमों ने समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और मानवता का सशक्त संदेश दिया।
वक्ताओं व समाजजनों ने कहा कि गुरु नानक देव जी की 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' की शिक्षाएं आज भी समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे की सेवा करने की प्रेरणा देती हैं। देर रात तक गुरुद्वारे में भजन-कीर्तन एवं प्रकाशोत्सव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा प्रकाश पर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले समस्त समाजजनों, युवाओं, महिलाओं, श्रद्धालुओं, प्रशासन एवं नगरवासियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। उक्त कार्यक्रम में पूज्य सिंधी पंचायत के मुखी इंद्र कुमार पंजवानी, सचिव दिलीप पंजवानी, प्रताप राय हरीरमानी, अशोक पंजवानी, विष्णु दुलानी, चंद्रपाल परसवानी, ओम देवनानी, गोविन्दराम आगीचाई, ईश्वर हरीरमानी, दिलीप रोहरा, नरेश गनशानी, राजेश रोहरा, राजेश देवनानी, विमल गोविंदानी, राजकुमार हरीरमानी, श्रीचंद पंजवानी, सच्चानंद गोविंदानी, वेद कुमार आरतानी, राजेश हबलानी, राजेश हेमनानी, वेद बजाज, अनिल नागवानी, मनीष दुलानी, कालू चिमनानी, अमित पंजवानी, विजय रोहरा, राजेश पारवानी, राजेश नागदेव, हरीश चंदानी, काली पंजवानी, विशाल नागवानी सहित बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






