सिद्धार्थनगर में फॉरेंसिक साइंस पर कार्यशाला आयोजित, न्यायिक और पुलिस अधिकारियों को दिए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के महत्व के टिप्स

सिद्धार्थनगर। जनपद में आपराधिक मामलों की विवेचना को अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बनाने के उद्देश्य से रविवार को लोहिया कला भवन में फॉरेंसिक साइंस एवं आपराधिक न्याय व्यवस्था में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव तृतीय ने की।
कार्यशाला में फॉरेंसिक विज्ञान के विशेषज्ञ प्रो. (डॉ.) आदर्श कुमार, उप निदेशक डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव और वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. उदय प्रताप सिंह ने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान देकर अधिकारियों को वैज्ञानिक साक्ष्यों के महत्व और उनके प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में प्रो. (डॉ.) आदर्श कुमार ने नए आपराधिक कानूनों और आपराधिक न्याय व्यवस्था में फॉरेंसिक मेडिसिन एवं विज्ञान की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गंभीर अपराधों की विवेचना में वैज्ञानिक साक्ष्य जांच को अधिक विश्वसनीय और तथ्यपरक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दूसरे सत्र में डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव ने फॉरेंसिक बैलिस्टिक्स और घटनास्थल प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने घटनास्थल को सुरक्षित रखने, साक्ष्यों का सही तरीके से संकलन करने और उनकी अभिरक्षा श्रृंखला यानी चेन ऑफ कस्टडी बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं, तीसरे सत्र में वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. उदय प्रताप सिंह ने दम घुटने से होने वाली मौतों के विभिन्न प्रकार, पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक परीक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यशाला में न्यायिक, प्रशासनिक, पुलिस, अभियोजन और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिकारियों ने भी सहभागिता की।
विशेषज्ञों ने कहा कि फॉरेंसिक विज्ञान के माध्यम से आपराधिक मामलों की जांच को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जा सकता है। वैज्ञानिक साक्ष्य न केवल दोषियों को सजा दिलाने में सहायक होते हैं, बल्कि निर्दोष व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस कार्यशाला का उद्देश्य नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ न्यायिक, पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा अधिकारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाना रहा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







