अब्दुल, वंदे भारत टीवी लाइव का संवाददाताबोदरवार (कुशीनगर) यूपी के कुशीनगर में सोमवार की सुबह-सुबह भीषण हादसा हुआ है। तिलक समारोह से लौट रहे लोगों की कार ट्रक से टकरा गई।
हादसे में कार सवार आठ में से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है।
दोनों की उम्र 12 और 17 साल है। घटना हाटा कोतवाली के थरुआडीह पेट्रोल पंप के पास हुई।
सभी लोग कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भलूही से तिलक समारोह में शामिल होने के लिए हाटा कोतवाली के देवराड़ पिपरा गांव गये थे। यह तिलक महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के बभनौली से गया था।कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद के भाई रवि कुमार गौतम जो एसएसबी के जवान हैं, उनकी ससुराल बमनौली में है।
रविकुमार गौतम की साली का तिलक गया था। सभी लोग भलुही से रिश्तेदार के तिलक में सम्मिलित होने देवराज पिपरा में गए थे।
वहां से एक कार में कन्हैया अपने पिता राम बेलास, भाई राम मिलन समेत आठ लोगों के साथ देर रात ईको कार से लौट रहे थे।इसी दौरान कोतवाली क्षेत्र हाटा के पेट्रोल पम्प के पास कार की सामने से आ रहे ट्रेलर से सीधी टक्कर हो गई। तेज रफ्तार के कारण कार के पखच्चे उड़ गए।
मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने के साथ पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। जब तक लोगों को अस्पताल पहुंचाया जाता, छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
दो नाबालिग गंभीर हालत में थे। दोनों को पहले मेडिकल कॉलेज फिर गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया।भीषण हादसे में एक साथ छह लोगों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया।
कुछ लोग घटनास्थल तो कुछ लोग अस्पताल भागे। सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस फिलहाल तेज रफ्तार को ही घटना का कारण मान रही है।हादसे में भलुही के प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद उम्र 45 पुत्र राम बेलास, रामबेलास उम्र 65 पुत्र शोभा, राम मिलन 35 पुत्र राम बेलास, मृदुल मिश्रा 37 पुत्र नर्वदा मिश्रा, रंजय गुप्ता 35 पुत्र बुनियादी, मिथलेश गुप्ता 22 पुत्र अवधेश गुप्ता की मौत हो गई है।
वहीं, आयुष 12 पुत्र राम मिलन, आर्यन 17 पुत्र राममिलन गम्भीर रूप से घायल हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।