रायपुर में दिनदहाड़े चाकूबाजी से सनसनी, 18 वर्षीय युवक की हत्या; तीन नाबालिगों ने पुरानी रंजिश में किया हमला

रायपुर 5 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बुधवार शाम माना थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चाकू मारकर 18 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। वारदात को तीन नाबालिगों ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया। घटना उस समय हुई, जब युवक अपने परिवार के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर निकल रहा था। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया
बाल संप्रेक्षण गृह से निकलते ही घेरकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सावन सेन निवासी अश्विनी नगर, पुरानी बस्ती रायपुर के रूप में हुई है। बुधवार शाम करीब 4 बजे सावन अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था।नक्शे देखें
बताया जा रहा है कि वहां हत्या के एक पुराने मामले में निरुद्ध एक अपचारी से मुलाकात करने के बाद जैसे ही सावन परिवार के साथ बाहर निकला, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की देवार बस्ती में रहने वाले तीन नाबालिगों ने उसे घेर लिया।
इसके बाद आरोपियों ने सावन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हमले में सावन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तीनों नाबालिग पुलिस की अभिरक्षा में
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मामले में शामिल तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
पुरानी रंजिश में गई युवक की जान
राजधानी में बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था और युवाओं में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है हमले की पीछे की वजह व घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा विस्तृत जाँच के बाद हो सकेगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







